मंगलवार, 17 दिसंबर 2013

लोकतंत्र का रॉ-मटेरियल

               
लोकतंत्र भगवान की देन है, भगवान के भरोसे है और भगवान के लिए है। दूसरे लोग जब दुनिया की लंबी सड़कें नाप रहे थे, मौके को भांप कर पार्टी ने लपक-के भगवान को प्राथमिक सदस्यता प्रदान कर दी। मजबूरन भगवान पार्टी के हो गए। हालाँकि  लाल झंड़ा भगवान के पास पहले से ही था, लेकिन बस झंड़ा ही था। जिधर की हवा चली, उधर के हो गए। भगवान का उससे कुछ हुआ नहीं। पीपल के पेड़ के नीचे खुले आसमान में सदियों से पड़े थे, पड़े रहे। जमाना बदलता रहा लेकिन उनके हालात नहीं बदले। भक्तों के ठाटबाट देख कर आखिर भगवान की कामनाएं भी जागीं, बोले हक बनता है हमारा ।
हुजूर ने लोहा गरम देख अपने भाषणों में साफ कर दिया कि गरीब हमारी पार्टी का भगवान है। अब पार्टी के सारे लोग गरीब को भगवान मान कर उसकी सेवा करेंगे। गरीब की जरूरतें बहुत ज्यादा नहीं होती हैं। जिस तरह वो उपर वाला यानी जगदीश्वर फूल नहीं फूल की पंखुरी से संतुष्ट हो जाता है, उसी तरह ये भगवान भी एक बत्ती कनेक्षन से खुश  हो जाएंगे। जगदीश्वर  की महिमा अपरंपार होती है, गेंदे के फूल को भिगो कर छींट दो उसका स्नान हो जाता है, पंचरंगी नाड़े का बिलास भर टुकड़ा गले में डाल दो तो वस्त्रंसमर्पयामी हो गया। तुलसी के पत्ते पर जरा से मीठे में भोग संपन्न, छः बाय नौ इंच के पटिये को मंदिर कह कर दीवार पर लटका दो तो घर हो गया उनका। इतनी मंहगाई में जगदीश्वर  की भक्ति से सस्ता कुछ नहीं है, यही सब दूसरे भगवान यानी गरीब के साथ भी करना है। गेंहू, चावल, दाल के लिए रुपए किलो का भाव कानों को अच्छा लगता है। गरीब को रोज इस ‘भाव’ की आरती सुना दो और निश्चिन्त  हो जाओ। इस समय गरीब प्रसन्न हैं, उन्होंने आभारी हो कर जगदीश्वर  के आगे सीस नमाये तो उन्होंने आगाह किया कि अभी तक मेरा ‘घर’ बना नहीं है, जबकि मैंने उन्हें कई चुनाव जितवा दिए हैं। लेकिन गरीब के कानों में ‘भाव’ की घंटियां बज रहीं थीं, उन्हें कुछ सुनाई नहीं दिया।
            अचानक हुजूर एक गरीब के घर पहुंच गए। बोले- आप मेरे भगवान हो, आपकी सेवा करना सरकार का पहला फर्ज है। राशन के भाव सुने होंगे ? मजा आया ?
गरीब झूठ कैसे बोलता, कहा ‘‘मजा तो आया ... पर राशन भी मिलने लगता तो सही में मजा आ जाता ’’।
‘‘ राशन भी मिलेगा, झोपड़ी का पट्टा भी मिलेगा, बिजली भी मिलेगी, कभी कभी बीमार भी हुआ करो, मुफ्त इलाज होगा, जल्दी से बूढे़ हो जाओ, पेंशन देंगे, तीर्थ यात्रा करवा देंगे, लड़कियों की पढ़ाई मुफ्त, शादी भी करवाएगी सरकार। बताओ और क्या चाहिए ? ’’
‘‘  रुपए लीटर दूध  और एक रुपया मीटर कपड़ा दिलवा देते, सिलाई-विलाई का भी कुछ ..... ’’
‘‘ हो जाएगा .... ये भी हो जाएगा। अधिकारियों को बोल देते हैं अभी। ... बस ना ? और कोई तकलीफ तो नहीं है ना ?’’
‘‘ रात को पैर बहुत दुखते हैं, काम करने की आदत थी अब छूट गई, सड़पन होती है।’’
‘‘ तो काम किया करो ना कुछ !’’
‘‘ काम !! काहे के लिए हजूर !? ..... आप सलामत रहें बस। सौ साल राज करें, हजार साल तक नाम रहे आपका। ’’
‘‘ ऐसा !’’ हजूर की सेवा भावना पर अचानक ब्रेक लगा। वे अपसेट होना शुरू हुए ही थे कि सौ साल और हजार साल की मंगलध्वनि की गूंज से रुक गए, बोले - ‘‘आयुर्वेदिक तेल पहुंचा  देंगे, ठीक हो जाएगा दो चार दिन में। नौकरी का इंतजाम कर देते हैं ......’’
‘‘ अब रहने दीजिए हजूर, कितना करेंगे ! जो कर दिया है उसी को लागू करवा दें, बस। और ज्यादा लग रहा हो तो बेराजगारी भत्ता दे दें।’’
‘‘ देखिए, आपकी भी कुछ जिम्मेदारी है ..... ’’
‘‘ हम पूरी करेंगे, आप बेफिकिर रहिए वोट आपको ही मिलेगा, आसिरवाद है हमारा। हजूर कुर्सी पर आराम करें, हम घर में करेंगे।’’
                  पता लगा तो तमाम दूसरे दलों ने आपत्ती की कि आप कोई एक भगवान लो, ‘वो’वाले  भगवान पहले ही हथियाए बैठे हो और अब गरीब को भी भगवान बता कर दबा लिया!! ये नहीं चलेगा, भगवान और गरीब देश  की कॉमन  प्रापर्टी हैं, लोकतंत्र का रॉ -मटेरियल। इसका अवैध खनन और कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। जनता को मूर्ख बनाने का अधिकार सबको बराबर है, चुनाव सबको लड़ना है। किसी को दो तिहाई बहुमत मिल जाए तो इसका मतलब ये नहीं हुआ कि दूसरी पार्टियां कब्र में चली गईं। अनुभवी पार्टी के लोग चार चुनाव हारने से पहले हिम्मत नहीं हारते हैं। चुनाव आयोग से मांग की गई है कि अगले चुनाव से पहले देश  के गरीब देश  के पास वापस जमा करवाए जाने चाहिए। फसल तैयार करने वाले बैठे रह गए, काट ले गए चोर  !! चुनाव आयोग को आदेश  निकालना चाहिए कि कोई पार्टी गरीबों को भगवान नहीं बनाएगी। ना कोई उन्हें भाई-बहन बनाएगा, ना दादा-दादी और ना ही भंजा-भांजी।
                                                                      ----

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें