मंगलवार, 22 सितंबर 2015

प्यून साहेब पीएचडीराम

                            जब पैदा हुए तो घर वालों ने नाम रखा जगतराम। पांचवी-आठवीं पास करा गए तो मइया-बापू को लगा कि हो ना हो जगतवा घर का नाम रौसन करेगा। जोर लगाया, भिड़ गए सब, खेती-ऊती जरूर बिक गई पर  जगतराम बीए की डिगरी लैके आ गए। सौदा मंहगा पड़ रहा था पर अब क्या करैं ! रस्ता चलता तो लौट आए, पर पढ़ालिखा आदमी पलट कर वापस गंवार तो हो नहीं सकता था। एक बार पढ़ गया तो समझो अड़ गया। तय हुआ कि अब कौनो रास्ता नहीं हैं, आगे ही पढ़ौ। जगतराम पढ़त-पढ़त पीएचडी होई गए। लौटे तो बताया कि पढ़ाई खतम, अब कुछ नहीं है पढ़ै खातिर। खेल खतम पइसा हजम। नौकरी करें तो नाम भी रौसन हो। पर नौकरी कहां रक्खी है ! इधर पब्लिक ने जगतराम को पीएचडीराम नाम दे दिया। अम्मा कहिन नाम के खातिर तो पढ़ा रहे थे, पूरे नखलऊ  में नाम तो जानो हो गया, पर नौकरी का क्या करें, नोकरिया तो अपने हाथै में नहीं है ! अरजी घिसते घिसते पीएचडीराम सब भूल गए और रेस्पेक्टेड सर से लगा कर योर ओबिडियंट तक जिन्दगी सर के बल घिसटने लगी। शुरू में बड़े पदों के लिए अर्जी भेजते फिर धीरे धीरे नीचे उतरने लगे। सोचा पद छोटा बड़ा भले हो पर कुर्सी सबमें मिलती है। 
                           तभी सरकार ने प्यून के 368 पदों की भर्ती का विज्ञापन निकाला। हिचकते हुए आखिर पीएचडीराम ने भी अपना आवेदन उधर भी दे मारा और मान लिया कि ‘यहू नोकरिया तो पक्की’। मंइया-बापू को भी लगा कि नौकरी लगी समझो और अब कोई रिस्ता आया तो ठोंक के दहेज ले लेंगे, आखिर मोड़ा पीएचडी भी है। नौकरी में पद नहीं देखा जाता है, मौका देखा जाता है। मौका मिल जाए तो अंगूठाछाप भी लाल बत्ती के नीचे गरदन तान के बैठ सकता  हैं। सरकारी गलियों में मौका शिक्षा से बड़ी चीज है। सरकारी प्यून गैरसरकारी हलके के किसी भी आदमी से बड़ा हो सकता है बशर्ते उसमें काबलियत हो। खुद सरकारी महकमें में बड़े से बड़े अधिकारी मंत्री वगैरह किसी का भी काम प्यून के बिना नहीं चलता है। प्यून तंत्र का बहुत जरूरी आदमी होता है। जहां तक जानकारी की बात है, जितना एक अधिकारी जानता है उससे कई गुना ज्यादा जानकारी प्यून के पास होती है। प्यून अगर नाराज हो जाए तो बड़े बड़ों को अपना जूठा पानी पिला कर अपनी छाती ठंडी कर सकता है। सरकारी प्यून वो बला है जो शीशे  से पत्थर को तोड़ सकता है। ...... तो तय हुआ कि पीएचडीराम अब प्यून ही बनेंगे।
                              लेकिन दुर्भाग्य, प्यून के 368 पदों के लिए 23 लाख आवेदन आ गए। एक पद के लिए सवा छः हजार उम्मीदवार !! आवेदकों में दो लाख से उपर एमए, एमकाॅम और 255 पीएचडी !! सरकार को संपट नहीं बैठ रही है कि पीएचडियों के इस पहाड़ का करें क्या ! प्योर कुकुरमुत्ते होते तो भी काम आ जाते। विश्व विद्यालयों को नोटिस भेजे जाएं और पता किया जाए कि कहीं डिग्री-चैपाटियां तो नहीं चलाई जा रही हैं। यह भी सोचा जा रहा है कि समाजवाद आ गया है या कि देश  विकसित हो गया है। समझ में नहीं आ रहा कि सरकार अच्छा काम कर रही है या उससे कहीं चूक हो रही है। 
                                                                                   -----

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें