सोमवार, 16 नवंबर 2026
बामरंगी के दोनों हाथ में लड्डू!
सारे गधे दक्षिणपंथी नहीं होते हैं!
" हम त्रिकालदर्शी हैं बच्चा। हमें तुम्हारा पिछला जन्म, वर्तमान समय और भविष्य साफ साफ दिखाई दे रहा है। इस वक्त भी तुम्हारे ग्रह उछल कूद कर रहे हैं। यों समझो कि उनके बीच म्यूजिकल चेयर का खेल चल रहा है। कब कौन सा ग्रह कुर्सी पर बैठ जाएगा कब कौन आउट हो जाएगा यह हम ही जानते हैं। और उसका प्रभाव क्या होगा यह भी हमें ही पता है।" पंडीजी ने पतरे देखते हुए गंभीरता के ओवर डोज के साथ कहा।
सुनते ही चालीस साल का बच्चा झुक कर दोहरा तिहरा हो गया। बोला - "पुनि पुनि पा-लागूं पंडीजी । आप तो अन्तर्यामी हैं।... साक्षात् भगवान हैं जी।... पिछले जन्म में मैं क्या था कृपा कर पहले यह बता दीजिये । सच्ची बात तो ये है कि मुझे खास तरह की फीलिंग आती रहती है। सपना भी आता है। उसमें लगता हैं कि मैं पिछले जनम में कोई राजा महाराजा था। मेरी कई रानियां थी। पुत्र-पुत्री कितने थे यह तो हमारे मुनीम को ही पता था। मुझे ऐसा लगता है कि मैं युद्ध करते हुए, शत्रुओं को परास्त करते हुए मारा गया था। पिछले जन्म के ऐसे सपने मुझे बार बार आते रहते हैं। मेहनत करने की वही ताकत और जोश अभी भी मुझ में है।... तो बताइए पंडीजी क्या मेरी फीलिंग सही है? पिछले जन्म में मैं कौन था?"
" तुम राजा महाराजा होते तो मुझे भी बहुत प्रसन्नता होती। लेकिन सच्चाई ये है कि पिछले जन्म में तुम गधे थे बच्चा। हालाँकि बड़े मेहनती और ईमानदार थे । सीधा सरल स्वभाव था तुम्हारा । बिना किसी शिकायत के दिन-रात हाड़तोड़ मेहनत करते थे। जितना भी तुम पर लाद दिया जाता था वह सब बिना शिकायत ढ़ो लिया करते थे। जिंदगी भर खूंटे से बंधे ब्रह्मचारी रहे इसलिए बच्चों-वच्चों का तो कोई सवाल ही नहीं था । और जिसे तुम युद्ध कह रहे हो, वह युद्ध नहीं बल्कि तुम्हारी ठुकाई पिटाई की यादें हैं। तुम्हारा मालिक बड़ा मरकना था। बीवी उससे लड़ती थी तो वह पीटता तुम्हें था ... उसे शक था कि तुम उसकी बीबी से इश्क करते थे। आगे और सुनोगे या कहो तो वर्तमान और भविष्य भी बता दें? " पंडीजी ने मानो छलकता हुआ जाम जमीन पर गिरा कर चकनाचूर कर दिया।
" रहने दो पंडीजी, वर्तमान में कुछ भी नया नहीं है।... वोट डाल-डाल के परेशान हो गए पर जिंदगी नहीं बदली, गधे थे गधे ही रहे। नेता लोग भाइयों बहनों बोलते हैं तो हम धोखा खा जाते हैं। मन तो बहुत होता है कि दुलत्ती झाड़ दें दर्जन भर। लेकिन क्या करें ये लोग जीतने के बाद टाइट सिक्योरिटी में निकलते हैं।... एक बात बताइए पंडिजी, नेता लोग जीतने के बाद इतनी सिक्योरिटी में क्यों रहते हैं!? "
" इसमें नहीं समझ में आने वाली कौन सी बात है। नेताओं को तुम्हारे जैसों से खतरा होता है। सारे गधे दक्षिणपंथी नहीं होते हैं। बहुत से वामपंथी होते हैं और उनके पास दिमाग़ भी होता है। वे सोचते हैं इसलिए आंदोलन करते हैं। और आंदोलन से नेताओं की धोती फटती है। "
" आंदोलन में ऐसा क्या होता है कि धोती फटती है! सरकारों को डर क्यों लगता है पंडीजी !? "
" अरे यार इतना नहीं समझते हो! सरकार गिर सकती है। मतलब सत्ता-पलट हो सकता है। "
" यह तो वोट से भी हो सकता है। चुनाव तो होते रहते हैं। एक बार अगर लोग ठान लें तो कुछ भी हो सकता है।.... पंडिजी आप तो त्रिकालदर्शी हैं... यह बताइए कि अगले चुनाव में क्या होगा, किसकी सरकार बनेगी? "
" अगर अगला चुनाव हुआ तो वही जीतेगा जिसको ज्यादा वोट मिलेंगे। "
" ज्यादा वोट किसे मिलेंगे? "
" उसे जो तुम्हारे जैसे गधों को गधा बनाए रखने में सफल हो जाएंगे ।"
" अगर ऐसा हुआ तो हमारा भविष्य क्या होगा पंडीजी !? "
" छोड़ो, गधे जब तक गधे होते हैं उनका कोई अलग भविष्य नहीं होता है। "
-------

