रविवार, 25 अक्टूबर 2026

एक कचोरी दो समोसा, बिजली कटौती का क्या भरोसा


 




दिवाली की सफाई में बरामद कुछ पुराने दीपक एक तरफ पड़े  त्यौहार की तैयारी देख रहे थे। तभी एक थैली भर नयी लाइटिंग आ गई, मेड इन चायना वाली । नयी लाइटिंग भी पुराने दीपक की तरह रौशनी देती है, लेकिन उनकी खास बात यह थी कि वह एक साथ जलती हैं, एक साथ बुझती हैं। आप जानते ही हैं कि संगठन में शक्ति होती है । फिर उन्हें तेल की भी जरूरत नहीं रहती है। लाइटिंग के आते ही माहौल में उत्साह और उमंग की एक लहर दौड़ गई। जो दीपक सुस्त पड़े ऊंघ रहे थे उनकी ऑंखें दुकान के शटर की तरह पूरी खुल गयी। 

" आप लोग कौन हैं? " एक पुराने दीपक ने पूछा।

" हम जेन जी हैं। हमारे बारे में सुन तो लिया होगा आप लोगों ने?!" नई झालर ने कहा ।

" क्या आप वही हो जिनको पुलिस ने....  जंतर मंतर.... एक कचोरी दो समोसा...वगैरह !!"

" हाँ वही हैं। अब देखना इस घर में हम चट्ट से नयी रौशनी भर देंगे। यहां ठहरा हुआ अंधेरा फट्ट से छंट जाएगा। खुशियां दन्न से आएँगी । लड्डू-पेड़ा, पारे-गुझिया खाएंगे, लोग खुशी से पागल हो जाएंगे। " जेनजी झालर बोली ।

" अंधेरा फट्ट से छंटता है क्या!! हमने तो बहुत कोशिश की, रात रात भर उससे लड़ते रहे।  तेल की आखरी बून्द तक लड़े लेकिन अंधेरा खत्म नहीं हुआ !" पुराने दीपक चौंके।

" बाइ द वे आप लोग कौन हैं... और यहाँ क्या कर रहे हैं ? " नई पीढ़ी ने पूछा।

" अब हम क्या बताएं! वैसे तो हम फाउंडर हैं। दीपक कह लो, दीपक छाप कह लो एक ही बात है। आप लोग तो अपनी भाषा में ही समझोगे। हम बेबी बूमर्स हैं। सरल भाषा में कहें तो हम बूढ़े हैं। तेल खतम हो गया, ढांचा बचा है । हमने अपने समय में पूरी कोशिश करी अंधेरा दूर करने की। जितना संभव था खूब जले। फिर नये तौर तरिके लेकर तुम्हारी पीढ़ी आ गई। लोगों ने तेल डालना बंद कर दिया और हम रीत गए। कभी घरों में हमारे लिये आले हुआ करते थे ... अब आले भी नहीं रहे। घर वालों ने पहले एक टोकरी में भर कर टांड पर सरका दिया । वहां पड़े रहे महीनों । अब सफाई चली तो वहाँ से उतार कर नीचे पटक दिया है। सुना है जल्द ही मार्गदर्शक मंडल में डाल देंगे। "

" भूल जाइए अंकल पिछली बातों को, अब हम आ गए हैं तो पूरी पर व्यवस्था बदल देंगे। जो पहले होता रहा है उसे अब नहीं होने देंगे।....  वैसे मार्गदर्शक मंडल में आप लोग किसका मार्गदर्शन करेंगे? "

" अब किसी को मार्गदर्शन की आवश्यकता कहां है! सबने एक मार्ग पकड़ लिया है और चले जा रहे हैं, जै माता दी जै माता दी । देश भर में कुमार्गी भरे पड़े हैं वे वर्ल्ड टीचर होने का दावा ठोंक रहे हैं। मान न मान, हम ही महान। एक बार किसी को पैरों पर खड़ा कर दो तो वह ऐसा स्टेचू बन जाता है कि हिलाना मुश्किल, चलता करने की तो सोच भी नहीं सकते हैं।  एक जमाना था जब अलादीन का चिराग कह-कह कर खूब रगड़ा हमें । काम निकाल लिया और अब पहचानते नहीं! ऐसे में हमारा क्या भविष्य ।  किसी दिन काला कबाड़े वाला अपना भैंसा लेकर आएगा और हमें उठा ले जाएगा।"  पुराना दीपक अपना दुखड़ा सुना कर चुप हो गया। 

" आप ठीक कहते हो सर, डर तो हमें भी है। अगर सिस्टम ने बिजली काट दी तो दिक्क़त हो जाएगी ।" 


------




 

रविवार, 18 अक्टूबर 2026

​जो दोषी होंगे, उन्हें बक्शा नहीं जाएगा


 






​डिप्टी दोषी साहब ने पत्रकारों को उँगली दिखाते हुए आत्मविश्वास के साथ कहा— "अगर पकड़े गए, तो दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। सरकार बहुत सख़्ती से भ्रष्टाचार पर निगाह रखे हुए है। कोई कितना भी अमीर या शातिर क्यों न हो, पुलिस उचित कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। देश काफ़ी खोखला हो गया है। पुल गिर रहे हैं, सड़कें धंस रही हैं। अब किसी को भ्रष्टाचार की इजाजत नहीं दी जाएगी।"

​"क्या करेंगे सर उनका? जेल में बंद करेंगे या फिर सीधे एनकाउंटर...?"

​"देखिए, एकदम से एनकाउंटर ठीक नहीं है। आख़िर यह बापू का देश भी है। वे कह गए थे कि कोई एक गाल पर थप्पड़ मारे, तो दूसरा गाल आगे कर देना चाहिए। जो पहली बार भ्रष्टाचार करेंगे, उन्हें दूसरा मौका दिया जाएगा। इसलिए हम पहले जाँच करेंगे। पता लगाएंगे कि आदतन दोषी 'कौन' है। लेकिन यह पक्का है कि किसी को बक्शा नहीं जाएगा।" ​उन्होंने हाथ से शांत रहने और सवाल न पूछने का इशारा किया। गोदीदार चाय-समोसों को उपकृत करने में लग गए।

​लेकिन कुछ पत्रकार ऐसे थे जो पाएदार थे। उनमें से एक सवाल आया— "सबको पता है कि दोषी कौन है, फिर जाँच की आवश्यकता क्यों है, आदरणीय?"

​"इसलिए कि जाँच से ही पता पड़ता है कि दोषी 'कौन' है। जैसे ही पता पड़ेगा, कार्रवाई की जाएगी। आप निश्चिंत रहिये, किसी को बक्शा नहीं जाएगा।"

​"घटना का वीडियो बना हुआ है सर! सारी दुनिया को दोषी साफ़ दिखाई दे रहा है।"

​"देखिए, जल्दबाज़ी में कोई काम नहीं होना चाहिए। हमारी सरकार संविधान का बहुत सम्मान करती है। बापू ने कहा था कि भले ही सौ अपराधी छूट जाएं, पर किसी निरपराधी को सजा नहीं मिलनी चाहिए। जाँच एजेंसियाँ अपना काम करेंगी। वीडियो में घटना दिख रही है, आदमी दिख रहा है, लेकिन वह 'कौन' है, यह तो जाँच से पता चलेगा। जाँच ठीक से हो जाएगी, तो पता चल जाएगा। लेकिन किसी को बक्शा नहीं जाएगा।" ​हाथ ऊँचा करके उन्होंने 'ॐ शान्ति' भी कह दिया, जिसका मतलब था कि अब कोई नहीं बोलेगा। मौन।

​"सर जी, जाँच तो हमेशा लंबी चलती है। तब तक दोषी सिस्टम को मैनेज कर लेता है, या फिर बचाने वाली पार्टी में शामिल हो जाता है और दोषी ही नहीं रहता है!"

​"देखिए, हरेक अपराधी को अपने बचाव का अधिकार है। वो कहाँ बचेगा, कैसे बचेगा, कौन बचाएगा— यह सब देखना और उसके लिये प्रयास करना उसका अपना निर्णय होता है। रहा सवाल जाँच का, तो उसका एक कायदा है। बहुत सी बातें देखनी पड़ती हैं। वीडियो किसने बनाया है, पहले तो यही देखना पड़ेगा। वीडियो बनाने की उसकी मंशा क्या थी? अपोज़िशन वाले आजकल खूब वीडियो बनवा रहे हैं। उनका षड्यंत्र हो सकता है। कहीं वह विदेशी ताकतों के संपर्क में तो नहीं है? देशहित सबसे ऊपर है। जो सबूत दिखाए जा रहे हैं, उनकी सच्चाई जानना होती है। ज़रूरी लगा, तो वीडियो बनाने वाले पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।... आप लोग समोसा खाइए, नहीं तो ठंडा हो जाएगा।"

​"वीडियो में साफ़ दिख रहा है सर कि वो आदमी अपराध कर रहा है!! उसकी गिरफ़्तारी कब होगी?!"

​"वीडियो में दिख रहा है ना? इसीलिए वीडियोग्राफ़र को पहले तलब किया जाएगा। उसका कैमरा भी चेक किया जाएगा। असली बात को समझिए, आजकल विदेशी कैमरों के ज़रिए दुश्मन देश जासूसी करवाते हैं। जाँच अच्छे से की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसको बक्शा नहीं जाएगा।... चलिए, 'जन गण मन' हो जाए।"

​"सर, वीडियो वायरल है। जनता ने देख लिया है कि अपराधी कौन है। ऐसे में क्या करेंगे?"

​"जाँच की जाएगी कि वायरल करने वाले कौन-कौन हैं। सब पर कार्रवाई होगी। और जो दोषी होंगे, उन्हें बक्शा नहीं जाएगा।... जै हिंद।"

-------




मैं इस्तीफा दूंगा!


 



 अचानक रावण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि बहुत हो गया अब 'मैं इस्तीफा दे दूंगा'। इस तरह बार बार जलाया जाना मेरा घोर अपमान है। लोग कैसी कैसी गालियाँ देते हैं, मुझ पर लानतें भेजते हैं, मेरे चित्र को पैरों से रोंदते हैं, थूकते हैं, और तो और कुत्ते भी.... । पुतला हुआ तो क्या मेरे अंदर आत्मा नहीं है!! मर चुका हूँ क्या मैं! क्या मुझमें शर्म नहीं है, लज्जाविहीन समझते हो मुझे!! लुच्चा, लफंगा, गली गली घूमने वाला आवारा हूँ क्या? नहीं नहीं बताओ,...  क्या समझते हो, बताओ जरा। मैं बेगैरत नहीं हूँ, अब इस्तीफा दे ही दूंगा। इस तरह चौराहे चौराहे पर खड़ा करके जिसकी जो मर्जी में आता है वो सजा देते हो! मेरे ऊपर जलते पटाखे छोड़ते हो! भूसा भर कर जलाते और खुशियाँ मनाते हो! एक राजा को इस तरह बेइज्जत करना चाहिए क्या!? अगर मैं आप लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रहा हूँ तो खुद मुझे डूब मरना चाहिए। आप बताओ मुझे डूब मरना चाहिए कि नहीं चाहिए।...  नहीं नहीं आप बताइये कि मुझे डूब के मरना चाहिए या नहीं चाहिए ? कितनी बार सोचा कि आत्महत्या कर लूँ लेकिन लंका का ख्याल आ जाता है। उस पर मेरे भाई कुबेर की आँख लगी हुई है। वह लंका पर कब्जा कर लेगा इसलिए मैंने आत्महत्या का विचार त्याग दिया है मित्रों । लेकिन अब मैं इस्तीफा दे दूंगा, ये मेरा वादा है।

राज्य की जनता को समझ में नहीं आता है। कोई उन्हें भ्रमित करता है और उकसाता है। मैं अकेला राजा नहीं हूँ मेरे दस सिर भी बराबरी के भागीदार हैं। मेरे शारीरिक संगठन में दस मुँह हैं तो जनता को लगता है कि ज्यादा खाता हूँ, पर जाता सब एक  ही पेट में है। पेट को भरते रहना दसों मुंहों की सांझी जिम्मेदारी है। ये संस्कार हैं हमारे और मैं संस्कारी इससे मुँह मोड़ नहीं सकता हूँ। 

सब जानते हैं कि मेरे मंत्रीमंडल में एक से एक बड़े राक्षस हैं। उनको अगर मैं छुट्टा छोड़ दूँ तो ये लोग मुझे जलाने फूँकने कि मंशा रखने वालों की बोटी बोटी बिखेर कर रख दें। लेकिन मित्रों मेरा दिल बड़ा है। मैं किसी पर अत्याचार नहीं करना चाहता हूँ। मैंने जो भी किया है या जो भी करना पड़ा है वह सब सही है।  लेकिन अब पानी मेरे दसों सरों से ऊपर जा चुका है। इसलिए मैं वादा करता हूँ कि इस्तीफा दे दूंगा। 

 "आपसे किस किस ने इस्तीफा मांगा रावण जी ?" एक पत्रकार ने पूछा।

 कोई मांगे या ना मांगे लेकिन मैं इस्तीफा दूंगा, मेरा वादा है मित्रों!! मैं राजा हूँ, मजाक बना रखा है मेरा। मुझे जलाते हो हर साल और कहते हो की बुराई का पुतला हूं। पुतला भी तुम्हीं लोग बनाते हो और चारा भूसा सब भरते हो । तुम ही तय करो बुराई से बनाते हो या अच्छाई से।... अंधे हो क्या? मुझसे बुरा कोई नहीं दिख रहा है आज के संसार में !!!" रावण तैश में बोला। 

" आप बुराई का मात्र एक प्रतीक हैं राजा जी । आप हैं तो जलाने की परंपरा चली आ रही है।   अच्छा है कि पुतले में निपट गए वरना आप जैसे प्रबुद्ध को आज का संसार नक्सल की कैटेगरी में ही रख सकता है ।... " कोई बोला।

" काहे का प्रबुद्ध! मौके पर काम ना आए तो कैसी बुद्धि। दस सर हों तो एक निर्णय पर पहुंचना कितना कठिन होता है यह मुझे अच्छा कौन जान सकता है।"

"इस्तीफा दे का आप कहाँ जाएंगे राजा जी?" 

" वहीं जहाँ कोई... आता जाता नहीं.... अच्छा तो तो हम चलते हैं... 

"सर इस्तीफा.... इस्तीफा तो देते जाइये...।"

"दे दूंगा... फिलहाल मेरे वादे से तसल्ली कीजिए।"

------- 



 

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

हेडसाब ड्यूटी पे, आत्मा खूँटी पे

 






 ड्यूटी पर निकलने से पहले हेडसाब अपनी आत्मा को खूंटी पर टांगते हैं, फिर एक्स्ट्रा जेब वाली बनियान और ऊपर से सरकारी परमिट वाली वर्दी पहनते हैं। इसके बाद आले में बैठे भगवान से आज का टारगेट फिक्स करते हैं और घर से निकल पड़ते हैं। आत्मा को टाँग कर निकलना उनका रोज का काम है।  वे जानते हैं कि सरकारी महकमा कोई भी हों आत्मा का वहाँ कोई काम नहीं होता है। बल्कि यह कहना ठीक होगा कि आत्मा मौजूद हो तो सरकारी काम में बाधा पड़ती है। और यह तो सबको पता है की सरकारी काम में बाधा डालने पर सजा का प्रावधान है। लेकिन आत्मा को ईश्वर का प्रोटेक्शन मिला हुआ है। गीता में ईश्वर ने कहा है कि आत्मा को कोई मार नहीं सकता, कोई शस्त्र काट नहीं सकता, अग्नि जला नहीं सकती, वायु सुखा नहीं सकती है ।  ऐसे मामलों में मजबूरी का नाम अहिंसा है। जिसका कुछ नहीं कर सकते उसे खूंटी पर टाँग कर ही बाहर निकलना अच्छा है। लेकिन आज हेडसाब ने वर्दी चढ़ाई बेल्ट बाँधा और बाहर निकल आए। जल्दी में आत्मा टांगना भूल गए।


थाने पर पहुंचते ही बड़े साहब से सामना हुआ। कायदे से एक कड़क सेल्यूट मारना जरूरी था। मार ही देते लेकिन अंदर से आवाज़ आईं - ये कमीना है, ज़ालिम भी है सेल्यूट मत मार, एक लात मार पुत्तर के मामा को। हेडसाब अचकचा गए। "ये कौन बोला बे !!... अरे! आज कमबख्त आत्मा आ गई! मरवाएगी क्या मुझे!... जानती नहीं बड़े साहब हैं, बुरा मान गए तो नौकरी खा सकते हैं।"

"तो डरते क्यों हो! तुम उनकी नौकरी खा जाना।" आत्मा ने हिम्मत दी। 

"बुद्धू है क्या? वो मेरी नौकरी खा सकते हैं लेकिन मैं उनकी नहीं खा सकता हूँ।"

"पैसा तो तुम भी खाते हो वो भी खाते हैं!" 

" महकमों में सारे मोती न्याय के धागे से बंधे होते हैं । बड़े छोटे सब मिल-बाँट कर खाते हैं। इससे किसीका पेट दुखता नहीं है। समझी चतुर कहीं की।"l

"तो मुझे बताना लूट बाँट । देखना चाहती हूँ तुम लोग न्याय कैसे करते हो । आज भी खाओगे क्या?" 

" आज भी का क्या मतलब है!! देश भक्तों और भक्ति से भरा हुआ है। इधर अखंड भंडारा चलता है। "

अकेले बड़बड़ाता देख बड़े साहब ने डपट कर पूछा - "सिपाही चुन्नीसिंग, आज क्या बात है!? तबियत तो ठीक है ना?! " 

"कुछ नहीं जनाब।... मैं ठीक हूँ जनाब।" 

"तो फिर सेल्यूट क्यों नहीं मारा!?" 

 हेडसाब ने एक हाथ से आत्मा को दबोचा और दूसरे से साहब को सेल्यूट मार दिया ।

 साहब सेल्यूट की तासीर से समझ गए कि कुछ तो गड़बड़ है। बोले - "ये हाथ में क्या दबाए हो?"

" मेरी आत्मा है जनाब।"

" अरे पुलिस वालों की आत्मा होती है क्या!? "

" हां,  होती है जनाब। "

" लेकिन हमारी तो नहीं है। "

"आप तो ख़ानदानी हैं ज़नाब। आपकी कई पीढ़ीयां पुलिस महकमें में रही हैं।" 

" सारे लोग प्रोबशन पीरियड में अपनी आत्मा का पिंडदान कर देते हैं। तुम अभी तक पकड़े बैठे हो !?!"

" जनाब इजाजत दें तो इसे घर छोड़ आऊँ। "

" गया जी में छोड़ना चाहिए था,.... रिमांड रूम में जाओ और इस आत्मा को इतना कूटो कि तुम्हें अपनी लापरवाही की याद हमेशा रहे। "

"जनाब ईश्वर ने कहा है कि आत्मा को कोई मार नहीं सकता... "

"मार-काट नहीं सकते लेकिन कूट तो सकते हैं,... जाओ कूटो। "

"कितना कूटूं जनाब? "

" जब तक कि तुम्हारी आत्मा 'चीं ' न बोल दे कूटते रहो । "

------