वैसे उनका नाम बजरंगी है। लेकिन कुछ वर्षों से बमरंगी कहलाने लगे हैं। दरअसल दिवाली के माहौल में वेअपने हाथ में यानी हाथ पर रख कर बम फोड़ने के करतब दिखाते रहे हैं । एक बम ही क्यों वे अनार, रॉकेट, लड़ियाँ वगैरह सब हाथ पर ही रख कर चलाते हैं। हाथ नहीं हुआ टेंक या रॉकेट लॉन्चर हो गया। लोग उइ-हुई करते तमाशा देखते हैं और मन ही मन कहते हैं कि ये हाथ हमको दे दे ठाकुर। यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि वे पटाखे देख रहे हैं या कमाल । इरादे तो उनके यह हैं कि किसी दिन मुँह में दबा कर अनार चलाएं और पेंट की पिछली जेब में खोंस कर रॉकेट दागें। पास के मैदान पर विधायक भवानीशंकर भिया अपना रावण जलाते हैं। उन्होंने वादा किया है कि अगली बार बमरंगी के मुँह में या और कहीं भी जगह हो पटाखे रख कर चलवाएंगे। जैसे जैसे यह खबर फैल रही है बमरंगी का माहौल बन रहा है। इस करतब में सम्भावना बहुत है। सोचते हैं टिकिट मिल गया तो चुनाव लड़ लेंगे।
दरअसल बमरंगी के आदर्श गंडेरी पहलवान हैं। गंडेरी किसी जमाने में कचोरी समोसे की दुकान पर तलने का काम किया करते थे। बीच बीच में लोगों का ध्यान खींचने की मंशा से खौलते तेल की कढ़ाही में हाथ डाल कर कचोरी पकौड़े वगैरह निकाल कर दिखा दिया करते थे। बहुत जल्द लोग कचोरी खाने के साथ कौतुक देखने आने लगे। अख़बारों में खबर छपी, रीलें बनने लगीं। गंडेरी स्टार होने लगे। जैसे जैसे दुकान में ग्राहकी बढ़ी गंडेरी पहलवान की प्रसिद्धि भी बढ़ी। किस्मत ने जोर मारा, उनकी गरमा गरम लोकप्रियता देखकर एक पार्टी ने उन्हें पार्षद का टिकट दे दिया । वोटर को और क्या चाहिए था। उन्हें एक जादूगर मिल गया। लोगों को लगा कि यही आदमी है जो राजनीति के खौलते में से उनके हितों के पकौड़े निकाल कर परोस देगा । आज वे युवाओं के 'गरम तेल सम्राट' हैं। लेकिन गंडेरी का धंधा बंद नहीं किया, चालू है । नगर निगम के खौलते तेल में से उसने सबसे पहले अपने लिए फॉर्च्यूनर निकाली । साल भर भी नहीं बीता कि एक शानदार मकान भी निकाल लिया। सोफा, टीवी, फ्रिज जैसे तमाम छोटे-छोटे पकोड़े भी वह समय-समय पर निकलता रहा है । उसके हौसले बुलंद हैं। वह गले लगना सीख रहा है। ख्वाब है कि मौका मिला तो विदेश यात्राएं भी करेगा। गंडेरी के पदचिन्हों पर चलना तमाम बेरोजगारों का सपना है।
बमरंगी को उन्हीं से प्रेरणा मिली है। कहता है आजकल करतब दिखाने वालों के लिए बड़ा स्कोप है। अनपढ़ हों तो और भी अच्छा। झूठ बोल सको तो कहना ही क्या! एक बार उड़ के लग जाए तो संसार के सब सुख चरणों में मिलेंगे। दिन की शुरुआत सोने के कमोड पर बैठ कर हो सकती है। अहा आनंद!! अहा सुख!!...
चलो न जाना चाहो राजनीति में तो बाबा बन जाओ। नेता, सेठ-साहूकार, गुंडे-बदमाश, चोर-उचक्के सब उनके कदमों में लोटते हैं। आज की डेट में राजनीति के बाद माल - कूट धंधा यही है। बाल बढ़ाओ, स्वांग रचो और करो उछलम कूदम। चल गए तो चाँद अपने बाप का। ज्ञान-व्यान की कोई जरूरत नहीं है, इसके चक़्कर में न पड़ो। भक्तों के सामने आँखें बंद करके जो बोलोगे बकोगे वही प्रवचन माना जाएगा। किसी भगवान को सीधा कहो किसी को टेढ़ा बताओ, कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जनता चौतरफा घिरी हुई है। ऑंखें बंद कर भजन कीर्तन करने के आलावा उसे कुछ सूझता नहीं है। इसलिए वह किसी विवाद में नहीं पड़ेगी । सोचो इससे अच्छा माहौल क्या होगा।
बमरंगी के दोनों हाथों में लड्डू हैं।
---------

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें