गुरुवार, 6 नवंबर 2014

एक क्विंटल के बाउजी

सब उन्हें बाऊजी कहते हैं, वैसे उनकी दिली इच्छा तो बापजी कहलाने की रही है, पर क्या करें लोकतंत्र है। इसके कारण जब तब खींसें निपोरना पड़ती है, जिन्हें जूतों से हड़काया था कभी उनके हाथ तक जोड़ने की आदत डालना पड़ी है। हुजूर, सरकार, मांईबाप सुनने की चाह थी लेकिन कान में पड़ता है पिलपिला बाऊजीमन करता है कि थप्पड़ लगा कर मुर्गा बना दें अगले को। लोकतंत्र गले की हड्डी हो गया ससुरा, बड़े बड़े अनारकली हो के रह गए, मरण की मुश्किल  में जिए जा रहे हैं या जीने की कोशिश में मरे जा रहे हैं। शुरू शुरू में दिक्कत बहुत हुई, लेकिन बाद में उन्होंने मन मार के बाऊजी से काम चलाना सीख लिया। दिल को समझा लिया कि बाऊजी भी बाप ही होता है रे,  कान इधर से पकड़ो या उधर से, एक ही बात है।
                 आप सोच रहे होंगे कि उन्हें बाप बनने की ऐसी क्या पड़ी है, वो भी सबके !! तो जिस तरह भइया "जन-धन योजना" सरकार की प्रतिष्ठा है उसी तरह "बाप-बन योजना" उनकी निजी प्रतिष्ठा है। ये बात अपने दिमाग की हार्डडिस्क में अच्छे से 'सेव' कर लो कि बाप से संबोधित होना उनका एक खानदानी व्यसन है। पुराना समय होता तो इस मामले में कोई प्रश्नवाचक सिर झुका के भी प्रवेश नहीं कर सकता था उनके दरबार में। अब व्यसन है तो है, खानदानी हैं इसलिए जरूरी है कि दस-बीस व्यसन भी हों। व्यसन आन-बान-शान होते हैं खानदानी लोगों के। आम लोगों को तो परंपरा-रवायतों वगैरह का ज्ञान होता है नहीं,  सड़क किनारे कोई पड़ा दिखा नहीं कि पट्ट से बोल दिया एवड़ा-बेवड़ा कुछ भी। अगर लोकतंत्र नहीं होता तो आपको अपने आप समझ में आ जाता कि बापजी पड़े हैं। पड़े क्या हैं अपनी राज्य-भूमि को प्यार कर रहे हैं कायदे से। वो दिन होते तो झुक के सात सलाम और पांच पा-लागी अलग से करते लोग। लेकिन अब क्या है, अदब कायदों का तो अकाल ही पड़ गया। बासी, सल पड़ा काना आलू सा बाऊजी मिल जाए तो बहुत है।
                        बाऊजी जब राजनीति में आए थे तब काफी जवान थे। बल्कि ये कहना ठीक होगा कि जवानी के बल पर ही राजनीति में आए थे। उनके दिमाग में बात साफ थी कि राजनीति वो न जनता के लिए करते हैं और न ही देश के लिए। वे जो करते हैं खुद के लिए करते हैं। राजपाठ के दिन भले ही लद गए हों पर कोशिश करने वालों को सफलता मिलती है। आज भी राजा होने के लिए प्रजा चाहिए परंतु ये लोकतंत्र कमबख्त है और जनता ढीठ। प्रजा बनाओ तो बनती नहीं है। वे बार बार लोकतंत्र को प्रजातंत्र कहते हैं लेकिन जनता को कुछ समझ में नहीं आता, बहुत हुआ तो नारा ठोंक देती है कि "जब तक सूरज-चांद रहेगा, बाऊजी का नाम रहेगा"। वे दुःखी हो जाते हैं, मन तो होता है कि छोड़ दें ऐसी राजनीति जो श्रीमंत को बाऊजी बना देती है लेकिन कोई जमीन हो तो नाव से उतरें भी।
                       खैर, बात में से बात निकलती जा रही है और असली बात छूट रही है। जनता भी पक्की राजनीतिबाज है उसने नेताओं को तौलने का फैशन चला रख़ा है। किसी जमाने में चांदी से तौला करते थे लेकिन मंहगाई है तो आलू-प्याज और टमाटर से तौल देते हैं। ये भी मंहगे हुए तो कर्णधार केलों से तुलने लगे, बाद में घर जाने के भाव में कद्दू, फूल गोभी, तरबूज वगैरह का नंबर लगा। हर तुलाई के बाद फोटू छपती, खबर बनती है। बाऊजी का भी मन होता था कि काश कोई उन्हें भी तौल दे। साठ किलो के शरीर से उन्होंने राजनीति शुरू की थी, तौलने के हिसाब से वजन ठीक था। उस वक्त पट्ठे नहीं थे, होते तो चांदी से तुल जाते। अब सौ किलो के हो गए हैं और तरबूज-खरबूज से तुलने का मन नहीं हो रहा है। चाहते हैं कि चांदी ना सही, तुलें तो कम से कम अनाज से तुलें। पट्ठों ने अनाज मंडी में जा कर खबर की कि बाऊजी अनाज से तुलना चाहते हैं, तौलो।
                 ^^ सोयाबीन का सीजन चल रिया हे, धंधा करें कि फ़ोकट की तौला-तौली करें भिया !! छोटे-बड़े बांट-वांट भी नीं हैं, इलेक्ट्रानिक मसीन से काम होता हे यां-पे। बिजली कभी आती हे कभी जाती हे। पेले इ प्रेसन हेंगे, केसे करेंगे, आप लोग ही सोचो।" मंडी अध्यक्ष ने समस्या बताई।
               ^^ बाऊजी पूरे सौ किलो के हैं। ना सौ ग्राम ज्यादा ना सौ ग्राम कम। सोयाबीन की भरती के बरोबर। बोलो अब क्या दिक्कत है " -
               ^^ क्या सचमुच पूरे सो किलो हेंगे "
               ^^ पूरे सौ किलो । "
               अध्यक्ष ने हम्माल को दौड़ा कर मदनसेठ को बुलवाया। वे भागे आए,- ^^ अरे मदन सेठ, तोल की व्योवस्था हो गई क्या तुमारी "
              ^^ अब्बी कां ।"
              फौरन से पेश्तर बाऊजी को लेकर आए पट्ठे। बाऊजी बड़े से तराजू के एक तरफ बैठे हैं और दूसरे पलड़े पर सोयाबीन की बोरियां एक एक कर रखी-उतारी जा रही हैं। तालियां बज रहीं हैं और हार डाले जा रहे हैंबताया जा रहा है कि बाऊजी तुल रहे हैं। बाऊजी भी मान रहे हैं कि वे ही तुल रहे हैं। किसान खुश है कि उसकी सोयाबीन तुल रही है। व्यापारी खुश  है कि बाऊजी को दो किलो फूलमाला पहना कर उन्हें क्विंटल पीछे दो किलो सोयाबीन ज्यादा मिल रही है। 
                                                      ------

नवंबर के भरोसे पूरा साल

                       
जिन्दा रहना मेरा निजी जोखिम है, बावजूद इसके नवंबर का महीना मेरे, जीवित होने, का महीना होता है। एक बार मैं नवंबर में जिन्दा घोषित हो जाउं तो आगे के ग्यारह महीनों की गैरंटी हो जाती है। यानी मैं अगर नवंबर में जीवित बरामद होता हूं तो ही वास्तव में जीवित हूं, वरना मरा हुआ हूं, चाहे नहीं भी मरा हूं। साफ है कि जो नवंबर चूक गए वो गए काम से। अगर कोई बंदा अक्टूबर में जाउं-जाउं कर रहा हो तो, उसके वालेकोशिश करते हैं कि कम से  कम नवंबर तो निकाल ले। नवंबर में मैं यह लेख लिख रहा हूं तो संपादकजी मान लेंगे कि जिन्दा हूं लेकिन मेरा विभाग नहीं मानेगा। विभाग कागजों पर चलता है, मेरे जिन्दा होने की घोषणा मेरे होने से ज्यादा जरूरी है। अगर कोई किसी तरह घोषणा करने में सफल हो जाए तो मरा हुआ आदमी भी जिन्दा हो सकता है। संसार मिथ्या है, काया नश्वर है, इसलिए कागजों पर जिन्दा होना जरूरी है। जब मैं घोषणा करता हूं तो मुझे भी लगता है कि मैं वाकई जिन्दा हूं। वरना ऐसे लाखों हैं जो जिन्दा हैं, लेकिन उन्हें कोई मानता नहीं,उनसे जिन्दा आदमी सा व्यवहार नहीं करता। बारह महीनों में से किसी भी महीने में उनसे कोई नहीं कहता कि घोषणा करो कि तुम जिन्दा हो । धीरे धीरे वे खुद ही भूलने लगते हैं कि वे जिन्दा हैं, अन्य लोग तो पहले ही भूल चुकते हैं। देखा जाए तो इस व्यवस्था में बड़ा सुकून है, आज के समय में जब कोई किसी को पूछता नहीं है कि भइया जी रहे हो या मर रहे हो। ऐसे में विभाग पूछ रहा है कि जिन्दा हो, तो कितना अपनापन लगता है।
अपने यहां तो मरे को भी तब तक मरा नहीं मानते हैं जब तक कि डाक्टर उसे मृत घोषित न कर दे। सोचिए अगर डाक्टर हड़ताल कर दें या ठान लें कि हम किसी को मृत घोषित नहीं करेंगे तो लोगों का मरना कितना                           मुश्किल  हो जाएगा। लेकिन इधर ऐसा नहीं है। अगर कोई अपने जिन्दा रहने की घोषणा खुद नहीं करेगा तो पहली दिसंबर को अपने आप मरा मान लिया जाएगा। पेंशन खाते में उसका अंतिम संस्कार हो जाएगा और शोकपत्र के साथ शेष रकम नामांकित को दे कर हाथ जोड़ दिए जाएंगे। वह चीखता रहे कि मैं जिन्दा हूं, उधर से जवाब आएगा कि बाउजी ये दिसंबर है। दिसंबर में जिन्दगी के पट बंद हो जाते हैं। जो नवंबर में मस्त थे वे दिसंबर में अस्त माने जाएंगे।

अस्सी वर्षीय दर्शन बाबू सरकार को भजते थकते नहीं हैं। नवंबर के इंतजार में कब और कैसे बाकी ग्यारह महीने जी लेते हैं उन्हें खुद पता नहीं चलता है। नवंबर नहीं हो तो उनकी सांसें ही थम जाएं। सेहत उनकी बढ़िया है, नवंबर की गुलाबी ठंड में वे अपना शादी का सूट स्तरी करवाते हैं, जूतों पर पालश इतनी कि लगता है जूते दिखा कर पेंशन लाने वाले हों। बगल में पहले सेंट होता था अब डीओ। कान के उपर के बालों को छोड़ शेष रह गए कुछ बालों पर खिजाब और मूंछों पर तेल लगा कर तैयार होते हैं। हाथ में एक बैग है जिस में जरूरी कागजों के अलावा हनुमानचालीसा भी है। वे बाकायदा अगले ग्यारह महीनों की जिन्दगी लेने जा रहे होते हैं। जब लौटेंगे तो उनके मुंह में पान होगा जिसके रस को वे अपने कोट के साथ शेयर कर रहे होंगे। लेकिन कोई उन्हें कुछ नहीं कहेगा। नवंबर का महीना घर में दूध देती गाय के आने का महीना है। 

गुरुवार, 9 अक्तूबर 2014

जुलूस

जिस सड़क को हाल ही में राष्ट्रिय  समझदारी की उम्मीद के साथ झाड़ कर साफ किया गया था उस पर पूरे परंपरागत तामझाम के साथ एक जुलूस निकल रहा है। वैसे घोषित यह है कि प्रतिमा का विसर्जन किया जाना है लेकिन इरादों के अनुसार भियाजी का शक्तिप्रदर्शन है। हांलाकि  उनके पास कितनी शक्ति है इस विषय पर विशेषज्ञों और जानकारों में काफी मतभेद है। मान्यता यह है कि प्रदर्शन  जोरदार हो तो शक्ति भी जोरदार मानी जाएगी। इसका मतलब यह है कि प्रदर्शन  ही शक्ति है। भियाजी प्रदर्शन  का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं, बल्कि मौके को आने में देर हो तो पकड़ कर घसीट लाते हैं। ऐसा ही घसीटा जा रहा मौका इस समय उनका रुतबा बढ़ा रहा है।
इस समय भियाजी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जुलूस में तमाम महिलाएं शामिल हैं और सबने एक जैसी साड़ी पहन रखी है। पुरुष, यानी जिनका युवापा अब जाता रहा, पीले कुर्ते में हैं। युवाओं ने, जिनमें ज्यादातर बारह तेरह साल से सत्रह अठारह साल के हैं लाल टी-शर्ट पहने हुए हैं। चर्चा है कि जोरदार तरीके से नारे लगाए तो शाम को दो-दो सौ रुपए और मिलेंगे सबको। इसी का असर है कि लगता है हृदय-सम्राटी का माहौल बन गया है। हर हजार बारह सौ फुट की दूरी पर स्वागत-मंच बने हुए हैं, जिस पर भियाजी के पट्ठे दो क्विंटल फूलों के साथ तैनात हैं। सारा मार्ग बड़े बड़े पोस्टरों से अंटा पड़ा है। सबमें  जीवित और दिवंगत राष्ट्रिय  नेता भियाजी के साथ उनका समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं। मंचों पर उनके पोस्टरों का जलवा अलग है। इनमें भियाजी सीना ताने, मुक्का बांधे, मां-भैन एक कर देने की मुद्रा में मौजूद हैं। ये खासतौर पर उनके विरोधियों के लिए हैं जो कल अखबार में उनकी फोटो देखने वाले हैं।
प्रतिमा के आसपास की भीड़ भगवान की जै-जै कर रही है ताकि उन्हें भ्रम बना रहे, शेष भियाजी की जै-जै कर रहे हैं कि उन्हें भी भ्रम बना रहे। उन्होंने एक युवा-सेना भी बना रखी है जो इस वक्त लाल टी-शर्ट में दिखाई दे रही है। वे सबसे आगे नारे लगाते चल रहे हैं कि जो भियाजी से टकराएगा, उसका ऐसा-वैसा हो जाएगा। यह भी कि जब तक सूरज चांद रहेगा, उससे ज्यादा भियाजी का मंगल रहेगा। जिस भी मंच के सामने से जुलूस गुजर रहा है फूलों की बरसात हो रही है। पट्ठे फूल मालाएं भियाजी के गले में ठूंसे जा रहे हैं और वे बराबर गधे की तरह लदे-फंदे से नजर आ रहे हैं। लेकिन मजे की बात यह है कि उन्हें मजा आ रहा है, वे छा रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि यदि कहीं स्वर्ग है तो बस यहीं है, यहीं है। वे फूले तो पहले से ही थे अब समा भी नहीं रहे हैं। कल से वे सोए नहीं हैं लेकिन चेहरे सुस्ती नहीं है। सारा माहौल उनके पक्ष में फुदक रहा है। प्रतिमा अगर प्रतिक्रिया दे पाती तो पता चलता कि वह कितनी खिन्न और लाचार है। उसे लग रहा है कि शक्ति भगवान में नहीं भियाजी में है और वे  प्रतिमा को अपराधी की तरह बांधे सजा देने के लिए जा रहे हैं।
जुलूस के पीछे बहुत कुछ छूट रहा है। फूल जो भियाजी के चरणों में फेंके गए थे, अब भीड़ द्वारा रौंदे जाने के कारण गन्दगी की श्रेणी में थे। पूरे रास्ते पर पानी के खाली पाउच और इसी तरह का बहुत सा कूड़ा-कचरा बिखरा पड़ा था। इससे ज्यादा कचरा पोस्टरों के रूप में उपर टंगा हुआ था। नारे लिखी हुई दीवारे भी शिकायत करती नज़र आ रही थी। लोगों के मन में बहुत कुछ भरा है लेकिन निकल कुछ नहीं रहा है, मुंह सबके एयर टाइट हैं। वहीँ कहीं एक वैद्यराज अपने रोगी से बोल रहे थे कि बीमारी तब तक खत्म नहीं होती जब तक कि उसकी जड़ को खत्म नहीं किया जाए।

-----

बुधवार, 24 सितंबर 2014

मैं एक सफाई पसंद नागरिक

                     दूसरे अगर लग कर मेहनत करें तो मैं एक सफाई पसंद नागरिक हूं। अब आपसे क्या छुपाना, खुद मुझसे मेहनत होती नहीं, यदि होती तो भी मैं करता नहीं। कारण ये हैं कि खुद काम करने की ना मेरी आदत है और ना ही संस्कार, लेकिन सफाई-पसंद हूं तो हूं। आदत और पसंद में थोड़ा टकराव जरूर है पर उम्मीद है आप इसे माइंड नहीं करेंगे। रिक्वेस्ट के बावजूद माइंड करो तो करो, मुझ पर कोई असर होने वाला नहीं है। मेरा काम सफाई को पसंद करना है वो मैं करता रहूंगा।
                   घर में काम वाली बाई आती है। सफाई उसका काम है, मैं पैसे देता हूं काम के। इसलिए मेरे मन में उसके काम के प्रति कोई आभार-वाभार नहीं है, पर मुझे सफाई पसंद है। साफ कपड़े पहनना मेरी प्रथमिकता है, अक्सर झक्क सफेद कपड़े पहनता हूं। कपड़े धोबी धोता है, जाहिर है उसके काम को लेकर मेरे मन में कोई आदर भाव नहीं होता है,  उसका काम है भई,  काम के मैं पूरे पैसे जो देता हूं। मेरा महत्वपूर्ण योगदान यह है कि मैं सफाई पसंद हूं। मेरे वाहन को धोने के लिए रोज एक आदमी आता है, एक माली है जो बागीचा साफ करता है। टायलेट मुझे एकदम साफ और चमकीला चाहिए। एक व्यक्ति बरसों से, बल्कि यों कहना चाहिए कि पीढ़ियों से हमारे यहां यह काम करता आ रहा है। मैं उसे कुछ पैसों के अलावा फटे-पुराने कपड़े भी देता हूं। आप पूछेंगे किसलिए,  तो साफ है कि मैं सफाई पसंद हूं।
                  आपकी जानकारी के लिए बताउं,  मैं रोज सुबह साढ़े सात बजे स्नान कर लेता हूं और इसमें किसी की धेला-भर सहायता नहीं लेता हूं सिवा इसके कि कोई पानी गरम कर दे,  तौलिया और चड्डी बाथरूम में लटका दे,  साबुन-कंघा-तेल रख दे, हर रविवार शेम्पू का पाउच काट कर सामने रख दे और रिमाइंड करा दे कि शेम्पू रखा है। बस। इसके अलावा कुछ नहीं। पत्नी ये काम बिना पैसा लिए,  बिना किसी दबाव के खुद ही कर देती है। संस्कारवश । वो बहुत सारे काम, यानी घर के करीब करीब सारे ही काम करती है। सफाई से खाना बनाती है,  सफाई से परोसती है। अगर मैं सफाई पसंद नहीं होता तो वो क्यों करती ये सब। उसे पागल कुत्ते ने तो काटा नहीं,  न शास्त्रों में कहीं लिखा है और ना ही मायके वालों ने कह कर भेजा है कि जा अपने पति को रोज नहाने-खाने के लिए प्रेरित कर। मैं खुद देश  का सफाई पसंद नागरिक हूं और अपनी आत्मप्रेरणा से रोज नहाता हूं। बीच बीच में कभी नागा होता भी है तो उसका कारण सरकार का जल-बचाओ अभियान होता है। अच्छे नागरिक का कर्तव्य है कि वो सरकार की हर योजना का यथाशक्ति समर्थन करे।

                          अब आइये घर के बाहर का भी कुछ बताते चलें आपको,  वरना कहोगे कि अधूरी जानकारी दी। घर से निकलते ही पेड़ के नीचे बैठे परंपरागत पादुका-सेवक से मैं अपने जूते पालिश  करवाता हूं। इतने चमकवाता हूं कि कोई चाहे तो उसमें देख कर कंघी कर ले। दफ्तर में पहुंचता हूं और सबसे पहले देखता हूं कि चपरासी ने सफाई ठीक से की है या नहीं । एक बात बता दूं कि हमारा चपरासी सफाई तो बढ़िया ही करता है। लेकिन मैं खनदानी सफाई पसंद हूं,  इसलिए मेरी नजर वहीं पड़ती है जहां जरा सी भी सफाई छूट गई हो। ऐसे में एक क्लासिक हंगामा तो बनता ही है। दफ्तर को सिर पर उठा लेता हूं, खूब चिल्ला लेता हूं। इससे मेरा एक्सरसाइज का कोटा पूरा हो जाता है। साथ ही लोगों में मेरी यह धाक भी जम जाती है कि साहब बड़े सफाई पसंद हैं। मेरा ख्याल है कि आप प्रभावित हो चुके होंगे मुझसे। प्रधानमंत्री जी को बताइयेगा, कि देश  में एक नागरिक है सफाई-पसंद। उनके पास मौका है, चाहें तो इस बात पर एक पद्मश्री दे दें। 

शुक्रवार, 19 सितंबर 2014

साहित्यसेवी दीमकें


                 एक समय ऐसा आ गया जब स्वयं सिद्ध बड़े रचनाकार शब्देश्वर  अपनी दीमक चाट रही किताबों के लिए इतने चिंतित हो गए कि उन्हें अनिंद्रा का शिकार हो जाना पड़ा। रात रात भर वह और दीमक साथ साथ जागते हैं और किताबों के आसपास बने रहते हैं। रात्रि के तीसरे प्रहर में, जिसे विद्वान लोग प्रायः ब्रह्मम मुहुर्त वगैरह कुछ कहते हैं, उन्हें रोना आने लगता है। ऐसे में उन्हें कबीर याद आते हैं, -‘‘दुःखिया दास कबीर, जागे और रोवै। सुखिया सब संसार, खावै और सोवै।’’ उन्हें समझ में नहीं आया कि जब कबीर के पास किताबें नहीं थीं तो दीमक की परेशानी कैसे रही होगी !! उन्हें लगा कि कबीर के दुःखिया होने का कारण अवश्य ही खटमल रहे होंगे। अच्छा है कि उनके अपने घर में खटमल नहीं हैं और वे कबीर होने से बालबाल बच गए हैं। वरना इस बुढ़ापे में कहीं बैठे झीनी चदरिया बुनना पड़ती फोकट में। इधर उनके घर के सारे लोग खा-पी कर सो रहे हैं मजे में। साम्यवादी शब्देश्वर किसी को खाते देखते हैं तो उन्हें भी भूख लगने लगती है। यह स्वाभाविक भी है। काफी देर से जागते और दीमक को खाते देख खुद भूखे हो चले हैं, कमबख्त गांधीवादी दीमकें लगातार खाए जा रही हैं। राजनीति में कोई हरकत नहीं होने के बावजूद खाना या ‘चाटजाना’ दीमक का काम है। कोई जागरुक सिरफिरा जनहित याचिका लगा दे तो विद्वान न्यायाधिपति को अपने फैसले में कहना ही पड़ेगा कि उन्हें खाने दो, खाना और ‘चाटजाना’ उनका हक है, चाहे किताबें हों या कुछ और। देखने वाली बात ये है कि उनके सामने विकल्प हो तो वे किताबों को प्राथमिकता से चुनती हैं। मनुष्य उनके पुस्तक-प्रेम  को गंभीरता से ले यह आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। लेकिन देखिए, कितने षरम की बात है कि आदमी के सामने जूता और किताबें रख दो तो वह जूता पहन का भाग जाएगा, लेकिन किताब उठा कर नहीं देखेगा। 
                      दूसरे दिन शब्देश्वरजी ने दीमक-विशेषज्ञ को बुलवाया। संयोग से वह भी जन्मजात कवि था। उसने बताया कि अगर दीमक कविताएं सुन पातीं तो वह सबको एक रात में ही मार डालता, लेकिन अफसोस, ईश्वर  ने सब प्राणियों को अपनी रक्षा के लिए कुछ न कुछ दिया है, वे बहरी हैं। शब्देश्वर भाईसाब ईश्वर  बड़ा चालाक है। शब्देश्वर को उसकी बात अच्छी नहीं लगी, बोले-‘‘ ईश्वर  चालाक नहीं दयालू है। देखो जिस आदमी को आज भी शब्दों का ठीक से ज्ञान नहीं है वह जमाने भर में शब्देश्वर है। कागज कलम ले कर बैठता हूं तो पता नहीं कहां से शब्द आते जाते हैं फरफर फरफर, अपने आप। बोलो, इसे क्या कहोगे तुम ?’’ 
वह बोला - ‘‘शब्द आपके जींस में हैं शब्देश्वर। आपको पता नहीं, जो दीमकें साहित्य की किताबें चट करती हैं वो आगले जन्म में कवि बनतीं हैं। देख नहीं रहे हैं कि गली मोहल्लों में बांबियां भरी हैं कवियों से। पिछले जनम का चाटा हुआ अपना असर रखता है। साहित्य के साथ पुनर्जन्म होता है दीमकों का। आप चाहें तो इसे संस्कार वगैरह कह सकते हैं। अगर आपकी मंशा  है कि साहित्य सचमुच अगली पीढ़ी में जाए तो दीमकों के प्रति दुर्भाव मत रखिए। आज जो दीमकें आपकी किताबें चाट रही हैं वे ही कल, यानी उनके अगले जन्म में समाज के सामने इन्हें प्रस्तुत करेंगी। आपको पता ही है कि साहित्य का मूल्यांकन कवि के जीते जी नहीं होता है, उसे समय जांचता है और आप विचार करके देखिए कि समय और दीमक में कोई अंतर नहीं है। साहित्य के मामले में दीमक को मारना अपने समय को मारना है।’’
              शब्देश्वर कुछ देर खामोश  और गंभीर बने रहे, फिर बोले, -‘‘ कल भोजन पर आइयेगा, मैं दीमकों का श्राद्ध करना चाहता हूं ।’’                    ---

शुक्रवार, 5 सितंबर 2014

दाढ़ी राखिए, और न राखिए कुछ

               यों उनकी उम्र ‘बाऊजी’ लायक नहीं है लेकिन लोगों के बीच कहाते बाऊजी हैं। अभी भी कहीं कहीं ऐसे आदमी को लोग बाऊजी कहने लगते हैं जो जरा सा भी पढ़लिख गया हो, भले ही वो बेरोजगार हो। बाबूगिरी से बाऊजी का कोई संबंध नहीं है। आपके हमारे जैसे आदमी उस वक्त आहत हो सकते हैं जब कोई सुन्दरी भरी सभा में ‘बाऊजी’ का भाटा मार दे, लेकिन बाऊजी पक्के बाऊजी हैं, उन्हें कुछ नहीं होता। दिनभर में उन्हें जितना भी बाऊजी मिलता है सब झोले में भर कर ले आते हैं। जैसे कई लज्जाहीन और ढीठ किस्म के सुबह घुमने निकलते हैं और घर घर फूल चुराते थैली भर कर लौटते हैं। कोई मना कर दे, डांट दे या जूता ही उठा कर मार दे तो भी वे बुरा नहीं मानते हैं। हां, जवाबी कार्रवाई में वे अगले दिन आधा घंटा पहले सैर पर निकलते हैं और दुगनी फूलखोरी के साथ लौटते हैं। 
              बहरहाल, बात बाऊजी की चल रही थी। एक दिन हमने उनसे पूछा कि आपको अंदर से कैसा लगता है जब कालोनी के बाऊजीलोग भी आपको ‘बाऊजी’ बोलते हैं ! 
               वे बोले - ‘‘ साहस उनका है, यह सवाल आपको उनसे पूछना चाहिए। लेकिन आपकी जिज्ञासा सही है। हम भी सोच रहे हैं कि बाऊजी का मान रखने के लिए हमें कुछ करना चाहिए। ’’
                 ‘‘ चलिए देर आए दुरुस्त आए। क्या करने का विचार है ? ’’
               ‘‘ सोचते हैं कि दाढ़ी रख लें। रोज रोज शेविंग का झंझट भी मिटेगा और नहीं जानने वालों को सुविधा हो जाएगी, वे एक झटके में हमें वरिष्ठ साहित्यकार भी समझ लेंगे। क्या कहते हो ? आइडिया कैसा है ?’’
                  ‘‘ आइडिया तो जोरदार है पर आप लिखते तो हैं नहीं !’’
                 ‘‘ हैं तो हम बाऊजी भी नहीं, पर लोग कहते और मानते हैं। साहित्यकार-टाइप दिखने लगेंगे धीरे धीरे लोग अपने आप साहित्यकार समझने-कहने लगेंगे। असल बात टाइप होना है। जैसे पहले कोई नेता नहीं होता है लेकिन हरकतें नेता-टाइप करता है तो लोग  उसे नेता मानने लगते हैं। टीशर्ट-जींस पहनने की उम्र में किसीको  को कुर्ता-पजामा पहन कर बांह चढ़ाना पड़ती है तो किस गरज से ? अगर आप पंडित-पुजारी टाइप रहने लगो तो लोग अपने आप ‘पाय-लागी’ बोलने लगेंगे, कोई संस्कृत का एक श्लोक  नहीं पूछेगा।’’ जवाब में बाऊजी ने लंबा भाषण दे दिया।
                    ‘‘ फिर भी किसी ने पूछ लिया कि इन दिनों आप क्या लिख रहे हैं तो क्या जवाब देंगे !’’
                    कुछ देर का विराम ले कर वे बोले- ‘‘ देखो भाई, सारे सवालों का स्वाभाविक उत्तर दाढ़ी होती है। आज दुनिया कबीर या गालिब को किसी और चीज से नहीं, दाढ़ी से पहचानती है। आपने किसी दाढ़ी वाले से पूछा कि आप विद्वान हो, साधु-संत हो, नेता हो, मंत्री हो, या जो हो उसका कोई प्रमाण दोगे ? नहीं ना ? अब तो दाढ़ी देख कर जनता कुर्सी तक दे देती है। सदियों से प्रजा को दाढ़ी पर भरोसा है। .... फिर भी तुम्हारा प्रश्न  बेकार नहीं है। एक बार दाढ़ी ठीक से बढ़ जाएगी तो हम कुछ कविताएं भी बटोर लाएंगे। बहुत से हैं जो बिना दाढ़ी के कविताएं लिख रहे हैं और उन्हें कोई कवि नहीं मानता है। चलिए दो लाइन से हमारा लोहा भी मानिए -
                                          बाऊजी दाढ़ी राखिए, और न राखिए कुछ।
                                           बाढ़े दाढ़ी जग पूजे, और न देखे कुछ ।।  
                                                                 -------

सोमवार, 1 सितंबर 2014

गिरवीघर में विचार

              वैसे चीजों को गिरवी रखने का धंधा हमारे यहां यानी भारत में पुराना है लेकिन इनदिनों जबसे टीवी पर ‘पाॅन स्टार’ आया है, इस काम का बहुत विस्तार हो गया है। राजधानी में चल रहे गिरवीघर ‘पटेल पाॅन स्टोर’ में विनोदकुमार बोस पहुंचे।
              ‘‘ जी, मैं आपकी क्या सेवा कर
सकती हूं ?’’ गिरवीघर में कदम रखते ही स्वागत्-सुकन्या ने पूछा। सुन कर विनोदकुमार सोच में पड़ गए। संकोच के साथ बोले,-‘‘कुछ विकल्प बताएं तो मुझे सुविधा होगी।’’
                ‘‘जी अवश्य , ... क्या मैं जान सकती हूं कि आप यहां कुछ खरीदने आए हैं, बेचने या गिरवी रखने ?’’
                  ‘‘मेरे पास कीमती विचार हैं, वैसे तो गिरवी रखना चाहता हूं, लेकिन अच्छी कीमत मिलेगी तो बेच दूंगा।’’
                  ‘‘ठीक है, आप उस तरफ मिस्टर पटेल के पास चले जाइये, पीले काउन्टर पर।’’
                विनोदकुमार बोस अब पटेल के सामने थे, बताया कि ‘‘मेरे पास कुछ विचार हैं, ..... काफी पुराने हैं। कीमती भी हैं, देखिए इन पर मार्क्स की छाप है, लेनिन और माओ के सिग्नेचर भी इसमें हैं। किसी समय भारत में इनकी बड़ी कद्र थी। ... ये अभी भी अच्छी हालत में हैं, सही आदमी मिल जाए तो काम आ सकते हैं। ’’ 
                  ‘‘ हूं ....., आपके पास ये विचार कहां से आए ?’’ गंभीर हो चुके पटेल ने पूछा। 
                  ‘‘ ऐसा है कि पुराने टाइम में, मेरा मतलब है कि ब्रिटिश  टाइम में मेरे दादाजी बड़े कवियों और लेखकों के साथ काफी हाउस में बैठा करते थे। वहीं से उन्हें संपर्कों के कारण मिले। बाद में पिताजी ने इन्हें बहुत समय तक वापरा, उसके बाद अर्से से मेरी अलमारी में पड़े हैं। अब मेरे किसी काम के नहीं हैं इसलिए ......।’’ विनोद कुमार ने तफसील दी।
                   ‘‘ ओके..., आप इनका क्या करना चाहते हैं, गिरवी रखना है या बेचना चाहेंगे ?’’
                    ‘‘ चहता तो था गिरवी रखना पर अच्छी कीमत मिल जाए तो बेच दूंगा।’’
                    ‘‘ कितना एस्पेक्ट कर रहे हैं आप ?’’
                  ‘‘ देखिए ये बहुत कीमती विचार है। इन विचारों से देश-विदेश में कई सरकारें बनी हैं और चलीं भी हैं। इस हिसाब से कीमत करोड़ों में होना चाहिए लेकिन मैं मात्र पांच लाख ले लूंगा। ’’ विनोदकुमार ने अपना प्रस्ताव दिया।
                    ‘‘ पांच लाख !! ये सोचा भी कैसे आपने !?! विचारों की इतनी कीमत अब कहां रह गई है !?’’
                  ‘‘ इसका अतीत देखिए मिस्टर पटेल, अगर आप इसके इतिहास पर गौर करेंगे तो आपको ये कीमत ज्यादा नहीं लगेगी।’’ 
                ‘‘ देखिए मेरे पास गांधी-विचार पड़े हैं, समाजवादी -विचार हैं, सर्वोदयी-विचार भी पड़े हैं लेकिन आजकल इनको पूछने वाला भी नहीं आता है। सच कहूं तो मार्क्स  की फटी कमीज या घिसे जूतों के ग्राहक मिल सकते हैं लेकिन विचारों के नहीं। साॅरी, .... मैं इसे नहीं खरीद पाउंगा।’’ पटेल ने विवशता बताई।
                  ‘‘देखिए आप पुरानी चीजों को खरीदने-बेचने का व्यवसाय करते हैं और आपकी ख्याति दूर दूर तक है। मैं सोचता हूं कि इसकी कद्र करने वाले आपके पास जरूर पहुंचेंगे। .... चलिए पचास हजार दीजिए।’’ विनोदकुमार ने नया प्रस्ताव किया।
                ‘‘ काॅमरेड आप हमारे महत्वपूर्ण ग्राहक हैं। पहले भी आप जैसे एक सज्जन कुछ सिद्धान्त गिरवी रख गए थे, न उन्होंने छुड़वाए और न ही आज तक बिक पाए हैं। अगर जरा भी संभावना होती तो मैं आपको निराश नहीं करता।’’
                    " चलिए पांच हजार दीजिये, मैं भी आपको निराश नहीं कर सकता हूँ । " विनोदकुमार ने उदारता  बताई। 
                       " बेहतर होगा आप इन्हें अपने पास ही पड़ा रहने दें। " पटेल राजी नहीं हुए। 
                  विनोदकुमार की चिंता बढ़ गई, उन्हें हमेशा  से लगता रहा था कि उनके पास बहुत कीमती चीज है लेकिन !! ..., बोले -‘‘ पटेल जी , दरअसल मुझे विकास की मुख्यधारा में शामिल होने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि वे सबका सहयोग लेंगे, सबको साथ लेकर चलेंगे। लेकिन सुना है कि पहले नार्को टेस्ट करेंगे, अगर कहीं इन विचारों के सिग्नल मिल गए तो दिक्कत हो सकती है। मैं इनसे पूरी तरह मुक्त होना चाहता हूं। .... अब मना मत कीजिएगा,  आप केवल पांच सौ दीजिए। ’’
                 ‘‘ साॅरी, आपको जान कर अच्छा नहीं लगेगा कि अब इन विचारों को स्टोर में रखना कितना जोखिम भरा है।’’
                  ‘‘ चलिए पांच दीजिए .... अब आप कुछ नहीं बोलेंगे। आपको गणेशजी की कसम।’’
                  इसबार पटेल कुछ नहीं बोले, चुपचाप पांच का सिक्का निकाल कर उनकी हथेली पर रख दिया।
                    विनोदकुमार प्रसन्न हो गए-‘‘ थैंक्यू मिस्टर पटेल, अब मैं मुक्त हुआ। वंदे .....वंदे .... वंदे ....।’’
                                                                           ----

शुक्रवार, 29 अगस्त 2014

दलपति और गणपति



                       गणेश जी ने दोनों महानुभावों का स्वागत किया,-‘‘ आओ दलपति द्वय, मुंह मत बनाओ, आप लोगों का प्रमोशन हुआ है। संसदीय बोर्ड में रहते तो सुनता कोई नहीं, पूजा और वंदना से भी जाते। यह अच्छी तरह समझ लो कि पूजा से बड़ा सम्मान दूजा नहीं है। भागते भक्तों की अगरबत्ती भली, माला-परसादी ना तो ना सही। मस्तों का टोला जब झूम के निकले तो किनारा पकड़ लेने में  ही भलाई है। आओ बैठो। ’’
                     मन तो हो रहा था कि दोनों फूट फूट के रो लें गणेश जी के सामने, लेकिन मीडिया वाले ताक रहे थे कैमरा लिए। सोचा कि यहां दो मिनिट रो दिए तो टीवी पर दो हप्ते तक दिन-रात रुलाएंगे। हिम्मत नहीं हुई, और अफसोस भी कि क्या समय आ गया है अब कद्दावर रहे आदमी को रोने के लिए भी हिम्मत चाहिए। एक जमाना वो भी रहा है कभी जब आज के तमाम सूरमा खींसें निपोरा करते थे उनके सामने। बड़े वाले यानी जो उम्मीद से लदे चले आ रहे थे, बोले- ‘‘ गणेश जी, आप तो बुद्धि के देवता हैं, छलपति को कुछ देते क्यों नहीं ? आपने तो पता नहीं किस बब्बर शेर को चूहा बना कर उसे अपनी सवारी बना रखा है। और इधर जो कल तक हमारी सवारी थे आज हमारे सिर पर गणेष बने बैठे हैं। ये कैसा न्याय है आपका !?’’
                   ‘‘ आप संसार से अलग नहीं हैं दलपति द्वय, जो रीत सबके लिए चली आ रही है वही आप लोगों के लिए भी है। नींव के पत्थर एक दिन जमीन में दाब दिए जाते हैं। इमारत बनाने वाले कारीगरों को एक दिन उसी इमारत में घुसने नहीं दिया जाता है। बच्चे को बड़ा करने वाली आया को माता का दर्जा नहीं मिलता है, इसलिए शोक मत करो दलपति द्वय। मार्ग किसी का सगा नहीं होता है। जो जीवन भर मार्ग को रौंदते रहे हों उनके सामने भी एक समय ऐसा आ जाता है जब वे केवल मार्ग के दर्शक  बन कर रह जाते हैं।          ... लड्डू खाओगे ?’’
               ‘‘ क्यों परिहास करते हैं गणेश जी, ऐसे में भला लड्डू खाए जा सकेंगे!! ’’ 
             ‘‘ क्यों नहीं खाए जा सकेंगे ! अरे भले मानसों, अब तो लड्डू खाने के दिन आए हैं। खूब खाओ, वनज बढ़ेगा, नींद अच्छी आएगी। लोगों में संदे जाएगा कि आप लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ा है। प्रसन्न दिखना वर्तमान में सबसे बड़ी राजनीति है। प्रसन्न दिखोगे तो लोग दुःखी होंगे। हो सकता है इससे स्थिति बदल जाए। ’’ गणे जी ने दोनों के हाथ में लड्डू रख दिए। 
              ‘‘ देखिए गणे जी, आप तो प्रधानमंत्री कक्ष में भी बिराजे हुए हैं। टीवी पर पूरे दे ने देखा है। सत्ता के इतने नजदीक दूसरा कौन हो सकता है। आप हमारी आयु का ध्यान भी नहीं रख रहे हैं और लड्डू दे कर बच्चों की तरह बहला रहे हैं! जबकि आपको पता है कि डाक्टरों ने मीठा बंद कर रखा है। हमें आसन चाहिए यानी कुर्सी। ऐसा आसन जिस पर ससम्मान बैठ सकें। ’’
                      ‘‘ तो योग गुरू के संपर्क में रहो। उनके पास ऐसे कई आसन हैं जिससे आप लोगों को आराम, सम्मान वगैरह सब मिलेगा।’’ 
                                                             ----

सोमवार, 25 अगस्त 2014

गुलाबजामुन नहीं खाए

       

           कुछ लोग सरकार का विरोध करने के लिए गधे को गुलाबजामुन खिलाना चाह रहे थे लेकिन वह राजी नहीं था। दरअसल गधा बुद्धिजीवी-टाइप था। उसका विश्वास  हरामखोरी में नहीं परिश्रम में रहा है। उसके बाप ने कहा था कि बेटा गधे खानदानी होते हैं, मेहनत करके अपना और इंसानों का पेट भरते हैं। इसलिए वह ऐसे मामलों में नहीं पड़ता है जिसमें राजनीति की बू आती हो।
            विरोध प्रदर्शन  का नेतृत्व कर रहे आदमी ने गधे के कान में फुसफुसा कर कहा-- मैं युवा-हृदय-सम्राट हूं। मेरे भाई मीडिया वाले खड़े हैं, मेरी इज्जत आपके हाथ में है, प्लीज गुलाबजामुन खा कर मुझे आशीर्वाद दीजिए। 
                     गधे ने गरदन हिला दी। उसे पता है कि गरज वाले दिन ये लोग वोटरों को भी गुलाबजामुन पेश करते हैं। वह यह भी जानता है कि जरूरत के समय ये लोग किसीको भी बाप बनाने से भी नहीं चूकते हैं। वोटरों को भी बाप बना लेते हैं, पैर छूते हैं लेकिन बाद में खुद बाप बन जाते हैं। उसके बाप को इंसानों ने कई बार बाप बनाया और ‘पिताजी-पिताजी’ कह कर खूब मेहनत करवाई लेकिन काम निकलने के बाद डंडे से ही सेवा की। 
                 हृदय-सम्राट ने गधे के पक्ष में नारे लगवाना शुरू कर दिया। ‘ये सरकार है अंधों की, सुनता नहीं कोई बंदों की।’, ‘गधे खा रहे गुलाबजामुन, सरकार दिखा रही कानून’। गधे के गले में माला डाल दी गई। एक कार्यकर्ता ने गधे के गले में एक तख्ती पहना दी, जिस पर लिखा है ‘सरकार का जमाई’। ढोल बजने लगे, जैसे अक्सर हमारे यहां जमाई राजा के प्रथमागमन पर बजते हैं। एक युवा नेत्री दीपक और थाली ले कर प्रकट हुई और गधे की आरती उतारने लगी। उसे लगा कि अब वह जीजाजी बालेगी। लेकिन कमबख्त नहीं बोली, नेग भी नहीं मांगा तो उसे राहत महसूस हुई। गधा बुद्धिजीवी और प्रगतिशील किस्म का था और उसे आडंबर कतई पसंद नहीं था। वह इस बात के पक्ष में था कि जमाई को ससुराल वालों का शोषण नहीं करना चाहिए और दहेज या कीमती सामान नहीं लेना चाहिए। इसलिए जब मीडिया के कैमरों के साथ दोबारा उसके सामने गुलाबजामुन लाए गए तो उसने दृढतापूर्वक इंकार कर दिया। लोगों में निराशा  छा गई। लोग बात करने लगे कि गधा पार्टी की किरकिरी किए दे रहा है। कल अखबार में हेडलाइन न बन जाए वरना मुंह दिखाने के काबिल नहीं रहेंगे। 
                    सुना है कि चैरासी लाख योनियों में गधे की योनी ठीक इंसान के पहले वाली होती है। यानी गधे का शरीर छोड़ कर वह तुरंत बाद में इंसान बनता है। साफ है कि जमाई बनने और गुलाबजामुन खाने के लिए वह थोड़ा-सा इंतजार कर सकता है। युवा-हृदय-सम्राट ने एक बार और कोशिश  की, गधे को पुचकारा, उसकी पीठ पर हाथ फेरा, कान में कहा कि हमारा राज आया तो तुझे पुरस्कार भी देंगे। किन्तु कोई असर नहीं हुआ तो उन्होंने गधे को एक लात जमा दी। गधे को गुस्सा आया, सोचा ये काम अब तक मुझे कर देना चाहिए था, उसने अपनी पिछली टांगे उठाई ही थी कि चारों तरफ से उस पर लात पड़ने लगी। गिरता पड़ता वह भाग लिया। लेकिन खुश  था कि मौका मिलने पर भी उसने गुलाबजामुन नहीं खाए। उसने पलट कर देखा कि लूट मची थी, गधे गुलाबजामुन खा रहे थे। 
                                                                        -----

गुरुवार, 21 अगस्त 2014

गंदगी करो और करने दो

           
   जब प्रधानमंत्रीजी बोले हैं कि सफाई रखो तो रखना पड़ेगी, सफाई का महत्व भले ही नहीं जानें पर आदेश  का मतलब तो जानते ही हैं। वरना अपन तो संत है, संत को सफाई से क्या। नहाए तो सीधे गंगा में जिसका कोई अर्थ भी है अन्यथा नहाना-धोना अपना चैन खोना है। इधर एक हमारे बाबूजी हैं, सारी उम्र जल से बैर निकालते रहे हैं। जब चिंतकों  ने कहा कि जल बचाओ तब भी उन्होंने दोनों वक्त स्नान किया। आदमी दिन में झाडू लगाए, मैला साफ करे तब तो उसका एक स्नान बनता है। परंतु सुबह नहा कर बाबूजी सारा दिन धोती समेटे अपने तखत पर पालथी मारे बैठे भगवान की नींद हराम किए रहते हैं, पता नहीं इस काम में वे गंदे किस तरह हो जाते हैं कि शाम को फिर पांच बल्टी का स्नान!! व्यंग्यप्रेमियों, देश  को नहाने-धोने वाले जितना गंदा करते हैं उतना दूसरा कोई शायद नहीं। कुम्भ के मेले को याद कीजिए, लाखों आदमी चला आ रहा है, मात्र नहाने भर के लिए। लोग तो चले जाते हैं अपनी धोती-लोटा ले कर, गंगा कहां जाए नहाने, उसको भी सफाई होना कि नहीं होना ? कहते हैं कि गंगा पाप धोती है, मैं पूछता हूं कि क्यों धोती है जी  ? गंगा बिना कुछ पूछेताछे पाप धो देती है इसलिए बंदे नहा-धो कर फिर भिड़ जाते हैं। अगर गंगा नहीं होती या फिर पाप धोने का ठेका उसके पास नहीं होता तो बहुत संभव था कि लोग पाप के प्रति संजीदा और सावधान रहते। मान लीजिए कि तम्बाखू खाने वाले साल में  एक बार गंगा में कुल्ला कर आए और केन्सर के खतरे से मुक्त हो जाएं तो फिर कौन तम्बाखू की और डाक्टरों की परवाह करेगा ! खूब खाओ और लगे रहो शहर भर की वाॅल-पेंटिंग में। कोई सफाई की बात कहे तो उपर वाले ने एक कान सुनने के लिए और दूसरा निकाल देने के लिए ही तो दिया है।
              बाबूजी को हमने कहा कि प्रधानमंत्री जी बोले हैं कि आसपास का माहौल भी साफ रखने की जरूरत है, कहो तो बाहर की सफाई करवा दें ? वार्मअप में वे पहले खंखारे, खिड़की से मुंह बाहर निकाल कर ‘ठों’ की आवाज के साथ सड़क पर थूका, मानो टीपू सुल्तान के जमाने की बारूद वाली बंदूक चली हो, बोले- ‘‘ क्या जरूरत है !! अभी दिवाली आएगी, लोग घरों की सफाई करेंगे और कचरा बाहर ही पटकेंगे। फिर पटखों का दौर चलेगा, सड़कें उनके कचरे से भर जाएंगी, .... इसी बीच देव उठ जाएंगे, शादियां शुरू हो जाएंगी। लोग बारात के पीछे कप-प्लेट और तमाम तरह की गंदगी छोड़ते जाएंगे। कितना उठाओगे, कितना साफ करोगे। कचरा और गंदगी हमारे उल्लास का, हमारी खुशी  का प्रतीक है। साफ सफाई देख कर हमारे लोग बीमार होने लगते हैं। सफाई के चक्कर में अगर देश  डिप्रेशन में चला गया तो नारे लगाने वालों का टोटा पड़ जाएगा प्रधानमंत्रीजी को। गंदगी देश  को जीवंतता प्रदान करती है। गंदगी करो और करने दो।’’ उन्होंने नारेनुमा शब्द उगले।
                 हमने कहा, - बाबूजी, आप खुद जो दो वक्त का स्नान करते हैं उसका क्या !? 
                वे बोले-‘‘ मन साफ होना चाहिए बालक, फिर बाहर की सफाई का कोई अर्थ नहीं रह जाता है। संत कह गए हैं ना ‘मन न रंगाए जोगी कपड़ा रंगाए’। देश  भर में कितनी झाडू लगा लो मन काला होगा तो जग में उजाला नहीं हो सकता है।’’
-----

शुक्रवार, 1 अगस्त 2014

हम एक प्याज-खाऊ देश

       
              बात खाने की हो तो हम लोग प्याज को लेकर बहुत संवेदनशील होते हैं। गोली चाकलेट नहीं मिलने पर जिस तरह बच्चा हायतौबा मचाता है वैसा ही प्याज को लेकर टीवी चैनल करते हैं। दुनिया वाले, जो भी हमारी खबरे देखते सुनते हैं, मानते हैं कि हम एक प्याज-खाऊ राष्ट्र् हैं। कभी हमें दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र समझा जाता था, अब हम सबसे बड़े प्याजतंत्र हैं। प्याजप्रेमी जल्द ही प्याज को राष्ट्रीय  खाद्य घोषित करवाने के लिए रामलीला मैदान में सरकार के छिलके उतारने का प्रदर्शन करने वाले हैं। सरकार को भी समझ में आ गया कि जनता को अच्छी सड़के मिले न मिलें, विकास हो न हो, रोटी भी मिले न मिले, प्याज जरूर मिलना चाहिए। जब तक प्याज मिलता है जनता मुर्गे गिराती है, प्याज नहीं मिले तो सरकार। प्याज है तो सरकार है, प्याज गायब तो समझो कि सरकार भी गायब। सत्ता के पुराने जानकार फुसफुसाते हैं कि जनता को प्याज और टमाटर उपलब्ध करवा कर खाने में व्यस्त रखो और खुद अपने ‘खाने’ का अवकाश  निकाल लो। इसी का नाम राजनीति है। समझने वाले समझ गए हैं ना समझे वो अनाड़ी है।
प्याज में जादुई गुण होते हैं। जब इफरात में होता है तो जनता कहती है कि बास मारता है, और जब कम होता है तो दवा की तरह समझा जाता है। बंदे बाजार में निकलें और उन्हें प्याज-टमाटर के दर्शन  न हों तो सार्वजनिक बेचैनी और घबराहट के दौरे पड़ने लगते हैं। किचन में गृहणी ऐसे उदास हो जाती है मानो रक्षाबंधन का मौका है और भाई नहीं दीख रहा है। पूरा घर प्याज-टमाटर को ऐसे याद करता है जैसे श्राद्ध पर दादा-दादीजी याद आ रहे हों। वो तो अच्छा है कि अभी पंडितों ने प्याज पुराण नहीं लिखा वरना गली गली प्याजनारायण की कथा के आयोजन होने लगते। भक्तगण प्याजप्रदोष का व्रत रखते और पंडितजी ‘दूधो नहाओ, पूतो फलो’ की जगह ‘टमाटो-चटनी लगाओ, प्याज-पकौड़े खाओ’ के आसिस देते। 
                   गरीब आदमी बड़ा चालाक होता है। प्याज मंहगा होता है तो वो पट्ठा प्याज खाना छोड़ देता है। लाल मिर्ची और नमक की चटनी से शांति पूर्वक रोटी खा लेता है और मस्त सो जाता है। इधर बेचारे अमीर आदमी को अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई से मंहगे प्याज खरीदना पड़ते हैं। आप कहेंगे कि वो मंहगी कार में चलते हैं, मंहगे बंगलों में रहते हैं, मंहगे टीवी, मंहगे फोन वगैरह। तो भई जान लो, यह सब बैंक का होता है, लोन देती है बैंकें, बुला बुला के देती है, परंतु प्याज उन्हें अपनी जेब से खरीदना पड़ता है। दीनहीन अमीर बेचारे ! आदत नहीं उन्हें अपना पैसा निकालने की। फेरी वाला जब प्याज के दाम बताता है तो उनकी आत्मा अंदर से चित्कार उठती है- ‘लूट मची है, डाके पड़ रहे हैं, सरकार अंधी-बहरी है ! अगर यही हाल रहा तो देख लेगें अगले चुनाव में। लेकिन बहुत कम लोगों को ध्यान आता है कि चुनाव वाले दिन ये लोग घर में बैठे प्याज के पकौडे खाते रहते हैं और वोट डालने जाते ही नहीं हैं। बैंकों को जैसे ही समझ पड़ेगी वो प्याज-टमाटर के लिए भी लोन देने लगेगी। 
                   इधर भगवान किसान के साथ सांप-सीढ़ी का खेल खेलता रहता है। बाजार में प्याज के भाव बढ़ते हैं तो अगली बार किसान अपने सारे खेतों में प्याज ही प्याज बो डालता है। फसल भी जोरदार होती है लेकिन मंडी में भाव ऐसे रूठते हैं जैसे ब्याव में इकलौता तिरपट जीजा रूठता है। किसान मनाता रहता है पर भाव न आज आता और न ही कल। मजबूरन किसान को प्याज अपने जानवरों के आगे डालना पड़ती है। दूध का जला अबकी बार वो प्याज कम बोता है, तो मंडी में प्याज सोना हो जाती है। पिछली बार उसके जानवरों ने प्याज खाई अबकी उसके छोरा-छोरी को दो डली खाने को ना मिली। उपर भगवान मूंछ मरोड़ता है नीचे किसान। 
                                                                           ----

राजनीति के शोले

             
   जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो मांईकमान ने बिट्टू को पास बैठाया, लाड़  से सिर पर हाथ फेरते हुए बोलीं -‘‘ देख बिट्टू , एक बात अच्छी तरह से समझ ले, राजनीति सीखने की चीज है। अनुवांशिकता से हाड़-मांस मिलता है, रंग-रूप मिलता है, राजनीति नहीं मिलती।’’
                ‘‘ लेकिन कुर्सी तो मिलती है ना माॅम। मुझे कुर्सी से मतलब।’’ बिट्टू ने हाथ में उठा रखी बेबी चेयर को एक तरफ पटकते हुए कहा।
             ‘‘ वो समय गया बिट्टू जब बिना कुछ किए लोग पीएम बन जाया करते थे। वक्त की नजाकत को समझ, अब तुम बड़े हो रहे हो। तुमको बाकायदा राजनीति सीखना पड़ेगी।’’ 
                ‘‘ किससे सीखूं !! पार्टी का जो भी सामने आता है सीधे पैर छूने लगता है, यहां तक कि बूढ़े भी। तुम ही क्यों नहीं कुछ सिखा देतीं माॅम ?’’ बिट्टू पिछले कुछ समय से अनमना चल रहा था।
                ‘‘ मैंने तुम्हें मुस्कराना सिखाया था बिट्टू ........’’
              ‘‘ तो मैं मुस्कराता तो हूं ना ? अपन हारे थे तब भी मुस्कराया था, मीडिया ने अच्छे से कवर भी तो किया था।’’ 
             ‘‘ अरे बिट्टू ..... बिट्टू..... सही समय पर मुस्कराना राजनीति है, गलत समय पर मुस्कराने से गलत मैसेज जाता है। तुम्हें इस फर्क को समझना चाहिए।’’
              ‘‘ माॅम तुमने ही तो कहा था कि जनता और कैमरे के सामने मुस्कराया करो !! ’’
              ‘‘ लेकिन दुःखियों, पीड़ितों, समस्याग्रस्त लोगों की बात मुस्कराते हुए सुनना अच्छी बात नहीं हैं। ’’
बिट्टू नाराज हो गया। यों भी सारा दिन अकेले रहते बोर होता है। उस पर माॅम के लेसन का हेडेक। अरे भाई थाउजन्ड रुपीस का नोट हर समय थाउजन्ड रुपीस ही होता है। मुस्कराना हर समय मुस्कराने के अलावा और क्या हो सकता है। एक टाइम ये मीनिंग दूसरे टाइम पर वो ! ये पाॅलिटिकल नाॅनसेंस है। 
              मांईकमान ने एक बार और समझाने की कोशिश  की, - ‘‘ देखो बिट्टू , एक बार तुम सही समय पर मुस्कराना और आंसू बहाना सीख गए तो समझ लो कि राजनीति का बहुत कुछ सीख गए। हिन्दुस्तान की रिआया बड़ी भावुक होती है। ’’
               ‘‘ कौन सिखाएगा मुझे ? ’’ बिट्टू कुछ देर सोच कर बोला।
            ‘‘ अपनी गरज के लिए हमें विरोधियों से भी सीखना चाहिए। टीवी पर रामायण में बताया था ना, लक्ष्मण ने रावण से सीखा था। ’’
               ‘‘ तो क्या नरेंद्र  अंकल से सीखूं ?’’ 
              ‘‘ उनसे रहने दे। वो राजनीति नहीं तुझे फैशन-डिजाइन का कोर्स करने में लगा देंगे। ........ लेकिन एक संभावना है। तुम उधर के भीष्म पितामह से राजनीति सीख सकते हो। अभी वे तीरों से बिंधे पड़े हैं, पर होश  में हैं। ’’
                बिट्टू दनदनाते हुए भीष्म पितामह के बंगले पर पहुंचे। चारों तरफ करीब करीब संन्नाटा था। अंदर वीडिओ पर कोई फिल्म चलने की आवाज आ रही थी। हीरो चीख रहा था, गब्बरसिंग, तेरे एक एक आदमी को चुन चुन के मारूंगा। मां का दूध पिया हो तो सामने आओ बुजदिलों। बिट्टू थोड़ी देर रुका, सोचा इस वक्त जाना ठीक होगा या नहीं। लौटने का मन बनाया ही था कि एक कर्मचारी ने बताया कि आप मिल लीजिए, ये फिल्म तो यहां रातदिन चलती रहती है। कह कर वह अंदर पितामह को खबर करने गया। पितामह खुद ही बाहर आ गए और उन्होंने बिट्टू को प्यार से गले लगा लिया।
                  ‘‘ अंकल माॅम ने ये पापड़ भेजे हैं आपके लिए।’’
                   ‘‘ पापड़ !! कहां के हैं ?!’’
                   ‘‘ राघौगढ़ के हैं। स्पेशल हैं।’’
                 ‘‘ थैंक्स ..... देखो तुम्हारी मेरी पीड़ा एक ही है बिट्टू। तुम तो मेरे पास सीखने भी आ गए, पर मैं किसके पास जाउं !!’’
                    ’’ मैं तो आपसे बहुत छोटा हूं अंकल । ’’
                  ‘‘ राजनीति में छोटा-बड़ा कुछ नहीं होता है, जो भी होता है पीएम इन वेटिंग होता है। जो कि तुम भी रहे हो। ’’
                    ‘‘ जो हुआ उसे दुनिया वाले क्या जाने अंकल, आप तो मुझे कुछ सिखाइये। ’’
                    ‘‘ मैं क्या सिखाउं ! आपकी मांईकमान ने मुझे सिखाने योग्य समझा यही बहुत बड़ी बात है वरना हमारी पार्टी वाले तो ...... खैर। ’’
                    ‘‘ मुझे कुछ टिप्स दीजिए ना ।’’
                  ‘‘ शोले पिक्चर देखा करो। उसमें वो दाढ़ी वाला है ना .... गब्बर, लास्ट में उसी ठाकुर से हारता है जिसके हाथ उसने काट दिए थे। एक उम्मीद और हौसला मिलेगा। अभी तो तुम्हें लंबा सफर तय करना है। हो सकता है किसी तांगेवाली पर ही रीझ जाओ। तुम्हारे लिए यह भी बुरा नहीं है। ..... आओ अपन साथ में देखते हैं, नाम शोले है पर काम मरहम का करती है।’’
                                                            ----