बुधवार, 23 जुलाई 2014

सदन में बजेंगी घंटियां


                    भियाजी आप सामने बैठे हो इसलिए नहीं ना बोल रहे हैं, पर सच्चाई येई है कि हो तो आप पक्के-विद्वान टाइप आदमी। पढ़लिख नहीं पाए तो क्या हुआ, उंच-नीच सब देखी है आपने, अच्छा-बुरा सब बराबर समझते हो, इसमें कोई शंका करे वो अपनी टांग तुड़वाए। पढ़ाई लिखाई के भरोसे रहते तो आज कहीं आॅफिस में टेबल के नीचे हाथ पसारे बैठे होते तो अपनी जनता का क्या होता। सही वक्त पर स्कूल से भाग जाने का निर्णय आपकी दूरदृष्टि का सबूत है। जनता के भले के लिए कुछ करना पड़े, वो सब आपने किया है। राजनीति के आप माने हुए कीड़े हैं और अभी तक किसी माई के लाल ने वो पेस्टिसाइड बनाया नहीं जिसका आप पर असर हो। लोग आपको बाणगंगा चैराहे के बड़े पीपल के नीचे बिराजे भैरव बाबा का साक्षात अवतार यूं ही नहीं मानते हैं, कुछ तो होगा ना ! जब से प्रतिभा भाभी को ब्याह के लाए हैं, बाकायदा आप ‘प्रतिभा के धनी’ भी हैं, इसमें भी कोई संदेह करे वो मूरख। देश  क्या दुनिया पे निगाह है आपकी, पांच दफे दुबई और दो दफे अमरिका हो आए हैं। आपसे कोई कुछ छुपाना चाहे तो छुपा ही लेगा, ऐसा कम से कम हमें तो नहीं लगता। अच्छे से जानते हैं ना आपको इसीलिए इज्जत आपोआप दिल में उछालें मारने लगती हैं, वरना कोई किसी को आज फूटी आंख भी देखता है ! नहीं ना ? लेकिन होगा, हमें क्या, हमारे संस्कार कोई आज के हैं ! आपके दद्दा जब मर्डरकेस में फंसे थे तब हमारे दद्दा ने पूरे चौदह साल उनकी जै-जै करी थी, आपको तो पता ही है। पर अब तो खूब तरक्की हो गई है, मर्डरकेस खूब हो रहे हैं पर फंसने का रिवाज खतम हो गया वरना हम भी अपना पुश्तैनी फर्ज अदा करते। तरक्की तो होनई चइये थी, नहीं होती तो आज जो देश  चला रहे हैं उनमें से ज्यादातर कहीं चक्की पीस रहे होते तो अच्छा लगता क्या ? एफडीआई से पूंजी जुटाई जा सकती है, नेता थोड़ी जुटा सकते हैं, वो भी देसी, गुलगुले और मुलायम, सही है ना भियाजी ? राजनीति खेल तो है पर बच्चों का नहीं, कि कोई मम्मी की अंगुली पकड़े आए और अंग-बंग चौक-चंग करने लगे मजे में। जब तक आप जैसा वीर न हो हम जैसों को वोटर से आगे कुछ बनने की सोचना भी खतरे से खाली नहीं है। तो बात ये थी भियाजी कि लोग कड़वी दवाई को लेकर अभी भी अटके पड़े हैं। बजट-वजट तो आया-गया, अभी भी कड़वी दवा जैसा कुछ बाकी है क्या ? बात साफ हो जाए तो बड़ा अच्छा हो।
                     आमतौर पर भियाजी किसी को मूं लगाते नहीं हैं। लेकिन हमारी बात और है ये तो अब तक आप समझ ही गए होंगे। बोले - बात कड़वी दवा की नहीं सुधारों की है। सरकार चाहती है सुधारों का सिलसिला शुरू किया जाए। कांग्रेस को तो सुधार दिया है अच्छी तरह से और उसकी लक्ष्मणरेखा भी तय कर दी है। वामपंथियों ने कांग्रेस के राज में खूब अइंया-बइंया की, अब उनके लिए बियर बार के अलावा कहीं जगह नहीं है। अच्छे दिन हैं, हमारे दक्षिणपंथियों को अपने आंख-कान खोलने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वामपंथी ‘गार्निशिंग ’ के लिए भी उपलब्ध नहीं हैं। मन में आए जिधर मारिए इंट्र्यिां और संसद में बजेंगी घंटियां। हमारा हर युवा हृदय सम्राट भगवा रेशमी कपड़े में बंधी सुधार की सूचि लिए खम ठोकता डोल रहा है। जैसे ही अमृतसिद्धि योग आएगा सुधार योग का सिलसिला चालू हो जाएगा। सबसे पहले मीडिया को सुधारना पड़ेगा। जनता को भड़काने या मूर्ख बनाने का काम उसका नहीं है। उन्हें राजनीति में  नहीं पड़ना चाहिए। सलमान और शाहरुख अभी गले मिले हैं उस पर चार दिन चर्चा करें हमें आपत्ती नहीं है। लेकिन सरकार को लेकर पूछाताछी करोगे तो बताना पड़ेगा कि तुम्हारा काम क्या है। शिक्षा में सुधार की जरुरत है, लोग पढ़लिख कर बेलगाम हो जाते हैं ये नहीं चलेगा। साधु संत तय करेंगे कि विश्वविद्यालय  में क्या पढ़ाया जाएगा, तय क्या करेंगे वो खुद ही पढ़ाएंगे। इतिहास सुधारना पड़ेगा, हमलावर हमारे इतिहास नहीं हैं, जिन्होंने मुकाबला किया, हमारे जो वीर लड़े वो हमारा इतिहास है। लोगों का, खासकर महिलाओं का लिबास सुधारना जरूरी है। उनका लिबास ऐसा होना चाहिए कि एक बार कोई देख ले तो दूसरी बार देखने की इच्छा ही नहीं हो। और भी बहुत से सुधार होगें, जिनको भी सुधारने की जरूरत समझी जाएगी, सुधारा जाएगा।
                                                     ----

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें