गुरुवार, 29 अगस्त 2013

तीसरा विकल्प

आदमी अगर बुद्धिजीवी होने के लिए बदनाम है तो लोग पूरी कोशिश करते हैं कि उससे बात न करना पड़े। हालाँकि  बुद्धिजीवी देखने में सामान्य आदमी दिखाई देता है, लेकिन उसमें बुद्धि के कांटे पाए जाते हैं। पहली दफा संपर्क में आया व्यक्ति अक्सर लपेटे में आ जाता है। लेकिन दूसरी बार वह कोई जोखिम नहीं लेता है। एक चैनल ने अपना सर्वे परिणाम बताया कि शुरूवाती बुद्धिजीवियों का विवाह हो जाता है लेकिन सिद्ध बुद्धिजीवी प्रायः कुंवारे रह जाते हैं। ‘‘बुद्धिजीवियों के पारिवारिक जीवन में चुनौतियां, समस्याएं और संभावना’’ विषय पर समाजशास्त्र में दो पीएच.डी. हो चुकी हैं। लेकिन अभी तक चेतनायुक्त समाज में कोई जोखिम उठाने को तैयार नहीं हुआ है। हाल ही में खाद्य सुरक्षा बिल पास हुआ, विशेषज्ञयों को उम्मीद है कि इससे सिद्ध बुद्धिजीवियों के लिए भी गृहस्थ आश्रम में प्रवेश  के रास्ते खुलेंगे, और वे अपनी बुद्धि बच्चों को पालने पोसने के रचनात्मक कार्य में लगाएंगे। लेकिन दिक्कत ये है कि जानकार लोग बुद्धिजीवीनुमा प्राणी को मकान किराए पर नहीं देते हैं। जिन्होंने गलती कर दी, वे सुबह शाम प्रार्थना करते हैं कि भगवान जल्द से जल्द उन्हें अपने निजी मकान की मिल्कियत अता करे। क्योंकि बुद्धिजीवी को मकान में रखना बार बार लीकेज होने वाली गैस की टंकी रखने जितना जोखिम भरा होता है।
                                    नेता लोग भी बुद्धिजीवियों से वोट नहीं मांगते हैं, वे जानते हैं कि इनसे वोट मांगेंगे तो ये ज्ञान देने लगेंगे। हमारे आदरणीय गुण्डे भाई भी चाकू-छूरे से नहीं ज्ञान से डरते हैं, इसलिए सबके लग लेते हैं पर इनके मूं नहीं लगते हैं। सरकार को तो वोट की ही गरज होती है ज्ञान की नहीं। जब वन्य जीवों तक के संरक्षण की जिम्मेदारी सरकार ने ली है तो बुद्धिजीवियों की उपेक्षा कैसे की जाती। इनके लिए अलग से कुछ अभयारण्य बनाए गए हैं जहां वे सेमीनार करते, पीएचडियां करवाते कुलांचे भरते रहते हैं। खैर, बात चुनाव वाले दिनों की चल रही थी, हर बार बुद्धिजीवी देखता है कि पार्टी वाले उसके पडौसियों को सम्मानपूर्वक अपनी गाड़ी में बैठा कर बूथ तक छोड़ते हैं, लेकिन उसकी तरफ देखते भी नहीं हैं! चूंकि वो बुद्धिजीवी है, वह जानता है कि उसकी उपेक्षा कर दूसरों को दिया गया सम्मान असल में उसका अपमान है। इसलिए बुद्धिजीवी व्यवस्था विरोधी होने लगता है। किसी को साड़ियां मिलती हैं, किसी को नगद, कइयों को दोनों। अनुभवी नेता अपने पट्ठों को समझा रहे हैं कि चुनाव न काम से जीते जाते हैं न सज्जनता से। चुनाव एक तरह का धंधा है, जो मेनेजमेंट से किया जाता है। चुनाव में चाहे जितने पाप कर लो और गंगा नहा आओ। राजनीति ने धर्म को अपने नहाने-धोने के लिए ही जिन्दा रखा है। अब आप ही बताइये कि इतना सब जानने के बाद कौन बुद्धिजीवी वोट देने जाएगा। उनसे पूछो तो बोलते हैं कि तीसरा विकल्प नहीं है सो वह वोट नहीं देते हैं। इस बार देश  गुपचुप तरीके से तीसरा विकल्प खोज रहा है । लेकिन तीसरा विकल्प है कि किसीको मिल ही नहीं रहा है। मौजूदा पार्टी को वोट देना देश  की बरबादी को पंख लगा देना है और दावेदार पार्टी को चुनना खुद अपनी जिन्दगी को दांव पर लगाना है। तर्क इतना साफ और पुख्ता है कि बात गले उतरती है।
                     
                लेकिन इनदिनों बुद्धिजीवी मौन रहने लगा है। सुना है कि बोतलों में बंद जिन्न तीसरा विकल्प बन कर बाहर निकला है। बुद्धिजीवी खुश  हैं कि उन्हें तीसरा विकल्प मिल गया है। राजनीति वाले जानते हैं कि सोचने समझने वालों को तीसरा विकल्प दिए बिना व्यवस्था को बचाए रखना मुश्किल  है।
                                                                      ----

शुक्रवार, 23 अगस्त 2013

फाइल गायब हुई है व्यवस्था नहीं


                     जिस आदमी को यह पता है कि देश में सरकार नाम की कोई चीज होती है उसको यह भी पता होता है कि सरकारी गलियों में फाइलें होती हैं जो कि बाकायदा चलती है, ......  ठुमक-ठुमक चलत रामचंद्र बाजै पैंजनिया ..... । सरकार मानती है कि फाइल है तो विभाग है, मंत्रालय है, काला-सफेद है, फाइल गायब तो सब गायब। प्रयोग के तौर पर सरकार ने एक ट्र्स्ट बना कर गांधी जी से संबंधित सारी फाइलें उसे पकड़ा दी, अब सरकारी दफ्तरों से ‘वो वाले’ गांधी पूरे के पूरे गायब हैं। उनकी टोपी तक नाक पोंछने का रुमाल बन गई है। ट्र्स्ट वालों पर ‘उन’ गांधी का ‘बोझ’ है तो उन्हें बाकायदा अनुदान दिया जा रहा है। जो फाइल के पक्ष में होते हैं वो सरकार के प्रिय होते हैं। उनकी आत्मा के लिए सरकार तुरंत मुआवजा देती है।
                       व्यवस्था के कारण कुछ लोग फाइलों के आसपास रहते हैं, उन्हें झाड़ते-पोंछते और दुलराते-पुचकारते हैं, आप उनको भले ही चपरासी कहें पर वे मानते हैं कि वे देश की आया या नर्स हैं और जरूरत पड़ने पर फाइलों के डायपर वही बदलते हैं। मीडिया वाले फुसला कर पूछते हैं तो वे बताते हैं कि फाइलें बहुत ज्यादा गंदा, यानी सुस्सु-पोटी भी करती हैं। फाइलों के पोतड़े बदलते बदलते कई बार वे थक जाते हैं। लेकिन फाइल की सच्ची सेवा उनका काम है, फाइल की सेवा देश की सेवा है। 
                       विचित्रताओं वाला देश है हमारा, यहां हाड़-मांस के आदमी को गलतफहमी हो सकती है कि वो भी चलता है। करोडों लोग इधर उधर टल्ले खाने को चलना समझते हैं। पांच साल में एक बार वोट बन कर चल जाएं तो चल जाएं, पर आदमी वही चलता है जो मुंह में चलने-वाला-चम्मच ले कर पैदा होता है। लेकिन सरकार का मामला अलग है, वहां फाइलें चलती हैं तो सरकार चलती है। बड़े आदमी हों यानी बहुत बड़े उद्योगपति, बिल्डर, माफिया, डॉन या दामाद जैसे रिश्तेदार तो फाइलें दौड़ने भी लगती हैं। और दौड़ती भी इतना तेज हैं कि अक्सर समय को पछाड़ देती हैं। फिल्मी इलाका अभी परंपरागत विषयों पर काम कर रहा है, किन्तु जल्द ही वे नए विषय लेकर सामने आएंगे, जैसे ‘भाग फाइल, भाग’, ‘फाइल-एक्सप्रेस’, ‘फाइल-पास’, या फिर ‘दम वाले फाइल गायब करेगें’ वगैरह। 
                        कोयले की खदानों में हीरे मिलते हैं और फाइलों में भी। ये खुदाई करने वालों की मेहनत और हिम्मत पर निर्भर करता है। आदमी मजबूत हो और मेहनत करने में शरम महसूस नहीं करता हो तो फाइल उसकी यानी देश उसका। रातदिन खोदेंगे, उठाएंगे, भरेंगे। इसमें गलत क्या है ? संसद में शोर होता है तो होने दो उससे क्या डरना, हाय हाय करना उनका काम है, या कहें कि उनकी किस्मत है। कल को फाइल उनके पास आ गई तो देश उनका हो जाएगा, वो खोदेंगे-खाएंगे और हम चिल्लाएंगे। इसीको लोकतंत्र कहते हैं मेरे भाई। जनता मांई-बाप है, सबको मौका देती है। आज फाइल गायब हुई है व्यवस्था नहीं। घर खाली करेंगे तो दीवार का रंग खुरच नहीं ले जाएंगे, लेकिन बांधने-समेटने लायक पर तो हमारा अधिकार बनता है। 
                                                             -----

सोमवार, 19 अगस्त 2013

दमदार दामाद


दुनिया का क्या करो साहब, जलने वालों से भरी पड़ी है। किसी का दामाद कमाऊ है, तो है। लेकिन नहीं साहबभला हमारे दामाद से ज्यादा उसका दामाद कमाऊ क्यों हो! लेकिन भइया किस्मत उसकी, खुद उपर वाले ने अपने दाहिने हाथ से लिखी है तो कोई क्या कर लेगा। और जलने वाले कोई आज थोड़ी पैदा हुए हैं, उनकी तो पीढियां हो गई जलते जलते और विपक्ष में बैठते हुए। फर्क सिर्फ यह हुआ है कि पहले चूल्हा-सिगड़ी की तरह जलते थे अब इनडक्शन-प्लेट की तरह तपते हैं। लेकिन दामाद जैसे पहले श्री-जीथे वैसे ही आज भी होते हैं ।
यों तो भारत में जो भी आदमी है, यानी जिन्हें जनगणना वाले हमारे भाई सरकारी कागजों में पुरुषलिखते हैं, वो कुछ करे या न करे दामाद हो जाने की योग्यता तो रखता ही है, बस शर्त यह है कि लड़की को पसंद आ जाना चाहिए। गोरा-काला, पढ़ा-बेपढा, दुबला-मोटा, लंबा-नाटा, कैसा भी उल्लू का पट्ठा हो, किसी न किसी का दामाद हो जाने में सफल हो ही जाता है। मीडिया-घराने फिल्मी कलाकारों का रेटिंग चार्ट बनाते रहते हैं, वैसा अगर कलाकार-दामादों का भी बनाएं तो सबसे उपर सरकारी दामाद-श्री--जीहोंगे। दामाद नंबर वन पूरे देश का मेहमानहोता है। देश जो है बाकायदा उसकी ससुराल है। उसे हर जगह अपने को पुजवाने और नेग लेने की आदत पड़ जाती है। शीध्र ही वो पार्वती-महादेव के सांड की तरह दबंग हो जाता है। जिधर मर्जी होगी उधर मुंह मारना उसका वैवाहिक अधिकार होता है। खेत में हल चलाने का काम बैलों का होता है, मेहनत के बाद उन्हें थोड़ा सा चारा मिलता है। किन्तु पार्वती का सांड किसी भी खेत को चर डालने का अद्रश्य लायसेंस अपने सींग में बांधे रहता है। व्यवस्था को पता होता है कि सरकार का दामाद होते ही, चाहे कोई कल का कितना भी मामूली आदमी क्यों न हो, उसको एक तरह का लायसेंस मिल जाता है, इसके बाद उसे किसी दूसरे लायसेंस की जरूरत नहीं रह जाती। बात चरने की आएगी तो अक्खा खेत उसका है। और खेत की क्या औकात है जी!, देश उसका है, यानी देश उसी का है। सास का चिड्डा, सास का खेत, खालो चिड्डा भर भर पेट। पहले देश ‘......माताथा अब सासू-मां है। पहले देश की धरती में खेले, अब जमीन से खेल रहे हैं तो लोगों को बुरा लग रहा है! जांच की मांग उठाई जा रही है! जांच में इसके अलावा कौन सा सच सामने आएगा कि दामाद दामादजीहैं । 
दामादजी अगर तफरी पर निकले और उसे दो-तीन अमरूद, एक-दो गुलाब के फूल और दो-चार एकड जमीन पसंद आ जाए तो क्या ले लेने से उसे मना किया जा सकता है! क्या यही है गौरवशाली भारतीय संस्कृति ? विपक्षी भारतीय संस्कृति की बहुत दुहाई देते रहते हैं, आज अगर सरकार संस्कृति का पालन और संवर्धन कर रही है तो पच नहीं रहा है किसीको!! राम का राज रामराज्यथा तो उसकी गहराई में जा कर देखो। राम नाम ले कर राजनीति करने वालों को पता चल जाता अगर राम का कोई दामाद भी होता। बड़ा दिल रखने की जरूरत है विपक्षियों, ...... मानने से गैर भी अपने लगते हैं। श्री-जीको आप अपना भी दामाद मान लोगे तो फिर कोई समस्या नहीं रहेगी।
-----


बुधवार, 7 अगस्त 2013

अमीरी की मानसिक स्थिति में गरीब

                                  
यह देश के राजनैतिक इतिहास की पहली घटना नहीं है जब हुजूर गरीबों के लिए चिंतित हुए हों। दिल्ली की गलियां जानती हैं कि बुरे वक्त में गरीब ही काम आता है। जब भी चुनाव आने वाले होते हैं गरीब चिंता के केन्द्र में अपने आप आ जाते हैं। लेकिन जिस नई फिलासफी के साथ इस बार आए आए हैं वो अद्भुत है। गरीबों को नहीं पता था कि उनकी गरीबी एक मानसिक स्थिति मात्र है। सुनते ही उनको सांप सूंघ गया, अभी तक जो गरीब थे अब मानसिक रोगी भी हो गए। गरीब को अपत्ती हो सकती है, पर हुजूर जो कहें मानना पड़ेगा। आज की तारीख में हुजूर बड़े मनोवैज्ञानिक हैं। अभी तक गरीबी का कारण किस्मत को मानते हुए माथा ठोंकते आ रहे हैं, अब पता चला कि कारण माथे के इन साइडहै। माथे में क्या है ये तो गरीब ने कभी देखा ही नहीं। अच्छा हुआ हुजूर ने देख लिया और बता दिया कि गरीबी यहां है। अगर लोग अपने आप को अमीर मानने लगेगें तभी तो वे अमीर जैसा महसूस करेंगे। भूख के लिए चिंता छोड़ वे डायटिंग और जीरो-फीगर के महत्व को सकझेंगे। नंगे रहने को फैशन मानेंगे और शान का अनुभव करेंगे। अपनी बेकारी और बेराजगारी को हॉलिडेकी तरह इंज्वाय करेंगे। हर दूसरा मानसिक-गरीब अपने बच्चों के नाम अनिल-मुकेश रख कर खरबों के औद्योगिक साम्राज्य का मनोवैज्ञानिक आनंद लेगा। ऐसे में जब हुजूर चुनावी सभा में या टीवी पर भाषण देते हुए कहेंगे कि गरीब देश का मालिक हैतो उनमें मालिक होने की ट्रु-फीलिंगआ जाएगी। इससे गरीबों का आत्मविश्वस् बिना किसी सरकारी योजना के बढ़ जाएगा और वह दो रोटी कम खाएगा। हजूर जानते हैं कि गरीब को केलोरी की नहीं लोरी की जरूरत है। गरीबी का दुःख जागने वालों को होता है, सोए हुओं के लिए सपने काफी होते हैं। और सपनों का संबंध मानसिकता से होता है। एक बार गरीबों की          मानसिकता कब्जे में आ जाए तो सपने दिखाना हुजूर के बांए हाथ का काम है। अमीर होना हर किसी का सपना है। गरीबों के सामने भी सपनों का एक पेकेजहोना चाहिए। इससे एक माहौल बनेगा अमीरी का और एक झटके में देश की सत्तर प्रतिशत जनता चट्ट-से अमीर हो जाएगी।
गरीबी को मानसिक स्थिति बताते ही हुजूर के जलवागाह में सबसे पहले अमीरों का शिष्टमंडल पहुंचा। अमीरों के झुंड को शिष्टमंडल कहा जाता है क्योंकि वे व्यवस्था को मारने के लिए पुष्पगुच्छों के हथियार ले कर शिष्टतापूर्वक पहुंचते हैं। हुजूर की बंदगी के बाद बोले-‘‘ सरकार हम लोग मानसिक रूप से गरीब हैं। अब चूंकि गरीब मानसिक रूप से अमीर होने जा रहे हैं और उनके लिए चलाई जा रही तमाम कल्याणकारी योजनाएं बेकार होने जा रही हैं सो हम देशसेवा के लिए आगे आने के लिए तत्पर हैं। देश के दस प्रतिशत अमीर अगर मानसिकरूप से गरीब होंगे तो आपको भी गरीबी घटाने का सुख मिलेगा। ’’ हुजूर मोगांबो की तरह खुश हुए। हुजूर के लिए खुशी बड़ी चीज है।
तो सज्जनो, अबकी बार जीत गए तो हुजूर अगली पंचवर्षीय योजना में गरीबी दूर करने के लिए हर झुग्गी-बस्ती में मानसिक चिकित्सालय खुलवाएंगे। ना भी खुलवाएं, अगर उनको लगे कि ये मानसिक गरीबी उनके हाथ मजबूत करती रहेगी। हुजूर वलीअहद हैं, उन्हें आगे का सोचना और बहुत आगे का इंतजाम करना जरूरी है।

-----

सोमवार, 5 अगस्त 2013

खाद्य सुरक्षा बिल यानी ‘खाने-योग्य’ की सुरक्षा का बिल

             सरकार ने पहले बीवी-बच्चों को प्यार किया और नगद ‘डेली पाकेट-मनी’ दी। फिर अपने नाते-रिश्ते  वालों की खैर-खबर दुरुस्त की। बाहरी कक्ष में आए और कुछ यार दोस्तों का कर्ज उतारा, कुछ पर कर्ज लादा। उसके बाद सहयोगी महकमों के लोगों से हाथ मिलाए, और बही-खाते भी। गिव एण्ड टेक रिलेशन यानी व्यवहार का ध्यान खासतौर पर रखना पड़ता है। बाहर यानी दालान में मीडिया कैमरा ताने खड़ा था। मेकअप और शेरवानीनुमा कोट ठीक करवा कर वे मुस्कराते हुए प्रकट हुए। लोगों में हलचल हुई, उन्होंने कहा - ‘‘ सवाल बाद में ..... पहले बताइये जलपान लिया आप लोगों ने ? ’’
उत्तर ‘हां’ में मिलने के बाद उन्होंने सेकरेटरी की ओर सवालिया नजरों से देखा। सेकरेटरी ने बंधे हाथ जवाब दिया - ‘‘ गिफ्ट भी दे दिए हैं सर ..... काफी पसंद किए गए हैं। ’’ सुनकर सरकार प्रसन्न हुए।
‘‘ सर खाद्य सुरक्षा बिल के बारे में आप क्या कहना चाहते हैं? ’’ पहला सवाल आया।
‘‘ अच्छा बिल है, मैं तो कहूंगा कि बहुत जरूरी बिल है। आजादी के बाद ही पास करा लिया जाना चाहिए था। ..... एक बार यह बिल पास हो जाए तो रोज रोज का झंझट खत्म समझो। ’’ सरकार ने उत्तर दिया।
‘‘ सर, खाद्य सुरक्षा बिल में महत्वपूर्ण प्रावधान क्या है ? ’’ दूसरा सवाल।
‘‘ देखिए, खाद्य का मतलब होता है ‘खाने योग्य’ । अगर एक बार ‘सुरक्षा-कानून’ बन जाए तो खाने-योग्य रकम के मामले में सरकार पर कोई अंगुली नहीं उठा सकेगा। विरोधियों का अनर्गल प्रलाप बंद हो जाएगा और जनता गुमराह नहीं होगी। ’’
‘‘ क्या आप मानते हैं कि इस बिल से अनाज की सुरक्षा का भी थोड़ा बहुत संबंध है ?’’
‘‘ अनाज !! ..... अनाज क्यों ?!!’’
‘‘ जनता खाद्य सुरक्षा का मतलब अनाज सुरक्षा से समझ रही है ! ’’
‘‘ अच्छा !! ... वो भी सही हैं।..... व्यवस्था के अंतिम बिन्दु पर अनाज ही होता है इसलिए जनता अनाज समझे इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन योजना एक लंबे रास्ते की तरह होती है। इसमें ‘खाने-योग्य’ शब्द का महत्व हमारे आध्यात्म की तरह बहुत गहरा है। सामान्यजन इसे नहीं समझ सकते हैं। .... एक बार ‘खाने-योग्य’ को सुरक्षित कर लेने का कानूनी अधिकार मिल जाए तो देशसेवक छाती ठोक कर अदालत के सामने भी जा सकेगें । ’’
‘‘ देशसेवक अभी भी ‘खाने-योग्य’ को खा रहे हैं तो क्या वे गैरकानूनी काम नहीं कर रहे हें ?’’
‘‘ सरकार जनभावना को समझती है। जनता नहीं चाहती कि देषसेवकों को सरेआम भ्रष्ट कहा जाए। एक बार यह बिल पास हो गया तो नेता कानून का सम्मान भी करने लगेगें और किसीको शिकायत का मौका नहीं देंगे। ’’
‘‘ लेकिन सर,  लगता है आप कन्फ्यूज हो रहे हैं कि .....’’
‘‘ हमें कोई कन्फ्यूजन नहीं है, सरकार कभी कन्फ्यूज नहीं होती है ..... खैर छोड़िए। .... आप लोग जाते वक्त गिफ्ट ले कर जाइएगा।’’
‘‘ गिफ्ट तो मिल गया है सर !’’
‘‘ वो तो वेलकम गिफ्ट था .... ये रिटर्न गिफ्ट है । ’’
                                                                   -----

बुधवार, 24 जुलाई 2013

साधो ! ये नंगों की मंडी

            तपस्या भंग करने का काम हमारे यहां ऐतिहासिक रूप से होता रहा है। लेकिन अब तो यह धंधा इतना फलफूल गया है कि जो कभी किसी की नजर में नहीं आते थे अब सबको दिखने-दिखाने के लिए  तैयार हैं। जैसे जैसे ग्लेमर वल्ड  यानी सुन्दरता के बाजार में वस्त्रों का चलन न्यून होता जा रहा है वैसे वैसे भले आदमियों का संकट बढ़ रहा है। लोकपाल बिल पास हो जाने के बाद राजनीतिक संतों को भले ही कुछ समय के लिए ईमानदारी का सांप सूंघ जाए पर रूप-मंडी में लहराती नागकन्याओं के चपेट में साधु नीले-पीले पड़ रहे हैं उसकी ओर किसी का ध्यान नहीं है। अव्वल तो आज के जमाने में किसी किस्म की तपस्या का शुभारंभ ही कठिन है, हो जाए तो उसका निर्वाह और भी मुश्किल। साधु किस्म का आदमी देश और दुनिया के समाचार देखने के लिए टीवी चालू करता तो उसके सामने कोई दूसरी दुनिया खुलने लगती है। कुछ ही दिनों में यह दूसरी दुनियाउसकी साधना में जबरन शामिल हो जाती है। अब आप कहेंगे कि भले आदमियों को टीवी से दूर रहना चाहिए जैसा पहले के दिनों में होता था, भले आदमी सिनेमा देखने नहीं जाते थे। अगर जाते भी थे उतनी ही सावधानी से जितनी कि किसी वैश्या के कोठे पर मुजरा सुनने के लिए शरीफ आदमी जाता था, आज भी जाता है। उस जमाने में तो हेलमेट भी नहीं था, सोचिए कि शरीफ किस कलात्मकता से अपना मुंह छुपा कर अपना लक्ष्य प्राप्त किया करते थे। लेकिन यह कोई मशविरा नहीं है। सरकार ने भले आदमियों की रक्षा के लिए मानवाधिकार आयोग बना रखा है।
             मध्यप्रदेश के मनवाधिकार आयोग का दरवाजा हाल में एक साधु ने खटखटाया। साधु का मतलब भला आदमी नहीं, साधु यानी साधु। वो साधु जो खुद भी उघाड़े रहते हैं, देश का पांच मीटर कपड़ा बचाने के लिए मात्र लंगोटी पहनते हैं, केवल कुंभ-सिहंस्थ आदि में स्नान करते हैं और जल संरक्षण का संदेश देते हैं, जो अपने चारों ओर आग जला कर घंटों बैठते हैं और इस कर्म को तपस्या करना कहते हैं, वही सच्चमुच्च के साधु। अन्ना से प्रेरित साधु महाराज तीन दिनों तक मानवाधिकार आयोग के दफ्तर के सामने धरना दिए बैठे थे। उनकी शिकायत यह थी कि वे सन् 2010 में महू के पास सिंगरौली गांव में हनुमान मंदिर में बैठे तपस्या किया करते थे तब वहां एक सुन्दर महिला उटपटांग हरकत कर उन्हें डिस्टर्बकिया करती थी। बाबा को डिस्टर्बहोने में कोई खास दिक्कत नहीं थी । सब बढ़िया चल रहा था, लेकिन एक दिन वह उनसे लिपट गई। बाबा को पता नहीं था कि ऐसी लिपटन से तपस्या भंग हो जाया करती है। जब हो गई तो बाबा का माथा भी ठनका और भोपाल आ कर न्याय की गुहार लगाते धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि जब तक उस महिला पर कार्रवाई नहीं होगी वे धरने से नहीं हटेंगे। आखिर उनकी वर्षों की तपस्या भंग हो गई है और सरकार है कि अभी तक सो रही है! तपस्या के बीमें की व्यवस्था भी नहीं है, न तपस्या के मुआवजे का कोई प्रावधान है। मानवाधिकार आयोग कुछ दिन पशोपेश में रहा, आखिर उसने मामला स्थानीय कलेक्टर की ओर अग्रेशित कर दिया। अब दिक्कत यह है कि तमाम मनचले साधु, भंग करवाने की लालसा में तपस्या करने लगे हैं। लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि वह मेनका अब किसी को मिल नहीं रही है।

                                                                                      ----

मंगलवार, 18 जून 2013

पुलिस आपकी सेवक मात्र है.

                 कहने को तो पुलिस जनता की, यानी हम-आप जैसे नाचीजों की सेवक है लेकिन पूजन यानी ठुकाई-पिटाई पर उतर आए तो अच्छे-अच्छों के ‘देव’ उतार देती है । आदमी पुलिस के चक्कर में नहीं पड़े तभी तक हाड़मांस का आदमी जैसा है, पूजा-पत्री के बाद एक्सरे कराओ तो हड्डियों की जगह भूसा दिखाई दे सकता है । अपने भियाजी को ही लो, एक जमाने में पुण्य आदि कमाने के लिए छोटी-मोटी वसूली, मारपीट, रेप-वेप, गुण्डई-लफंगई जैसी पवित्र जनसेवा किया करते थे, और अक्सर रुतबा बढ़ाने के लिए शौकिया अंदर-बाहर होते रहते थे। जब वे वरिष्ठ-गुण्डे हो गए तो अंदर पुलिस ने उनकी पूजा बढ़ाई और उन्हें प्योर-दिगम्बर अवस्था में औंधा लटका कर, पूरे सैनिक सम्मान के साथ, बाकायदा जूते मारती थी और गिनती नहीं थी । मजबूरी थी, क्योंकि पुलिस को गिनती आती नहीं थी। फिटनेस के लिए पुलिस को बहुत परिश्रम करना पड़ता है । लेकिन पारदर्शिता और स्पष्टता के मामले में उनका कोई हाथ नहीं पकड़ सकता है । थाने में उन्होंने बड़े-बड़े अक्षरों में, हिन्दी में, सभ्यतापूर्वक साफ-साफ लिखवा रखा है कि ‘पुलिस मात्र आपकी सेवक है, अकाउंटेंट नहीं’ । जाहिर है सूचना के अधिकार के तहत कुछ आंकड़े ‘भियाजियों’ के अलावा पुलिस और व्यवस्था के सम्मानार्थ सार्वजनिक नहीं किए जा सकते थे । लेकिन फिर भी अपने भियाजी का तजुरबा इतना बरीक रहा है कि पहले दो-चार जूतों में ही वे जान जाते थे कि पुलिस वाले भिंड-मुरैना के हैं या उज्जैन के । भिंड-मुरैना के पुलिस वाले जरा भगवान टाइप के लोग होते हैं । एक बार कोई इनके हाथ में आ जाए तो उसकी तकदीर लिख कर नीचे जहां कहीं जगह बची हो, बाकायदा अपने दस्तखत भी कर देते हैं । उज्जैन-पुलिस जरा ‘भगत टाइप’ होती है, जूते ऐसे मारती है जैसे श्रद्धालू आरती में ताली मार रहा हो । भियाजी को उज्जैन पुलिस मुफीद पड़ती है, वो पीटते वक्त गाली की जगह पूरी श्रद्धा से ‘जै महाकांल‘ का उच्चारण भी करते हैं तो लगता है कि वाकई पूजा हो रही है । वे ग्वालियर पुलिस की तरह-भूसा भर देने जैसे आतंकी शब्दों का प्रयोग नहीं करते हैं, वे जब भी बोलते हैं भस्म-आरती कर देने की बात ही कहते हैं । 
               भियाजी आज की डेट में बड़े आदमी हैं और हर किसी को ‘मूं-नी’ लगाते हैं, लेकिन जब अपने खासम खासों के बीच बैठते हैं तो बताते हैं कि उज्जैन पुलिस से जूते खाना सचमुच में एक दैवीय अनुभव है, समझ लो डायरेक्ट बाबा का ‘आसिरवाद’ है । आज उनके पास गाड़ियां हैं, बंगले हैं, बैंक बैलेंस है, चमचे हैं, पार्टी की लायसेंसी टोपी है और वही पुलिस उनकी सुरक्षा और सलाम के लिए भी है ! और क्या चाहिए किसी भले आदमी को इस सुन्दर व्यवस्था से ! इसीलिए वो लोकतंत्र को जिन्दा रखने की हिमायत पूरी ताकत से करते हैं । लोकतंत्र नहीं होता तो अभी भी वे कहीं पुलिस की हेल्थ बनवाने में काम आ रहे होते ।
                    खैर, सब कुछ पा लेने के बाद हर प्रतापी आदमी प्रसिद्ध भी होना चाहता है । भाग्य का खेल है जिसमें गोटी होती है न पासे । लेकिन यह भी सही है कि नंगे के नौ ग्रह बलवान होते हैं । भियाजी के मामले में तो किसी को शक होना ही नहीं चाहिए, वे स्वयं दसवें ग्रह हैं । उनके मन में कोई बात आ जाए तो पूरी होना ही है । ऐसा आदमी मंच पर बैठ कर आराम से सांस भी ले तो आती को अनुलोम और जाती को विलोम कह कर लोग वाह वाह करते हैं । भियाजी को इधर काफी स्कोप दिख रहा है इनदिनों । विलोम के तो वे मास्टर हैं ही, सोचा कि आधी कला तो आती है, आधी ही आजमा लें तो भक्त भेड़ों की तरह आ गिरेंगे । इनदिनों वे विलोम करवा रहे हैं । उनके प्रभाव से व्यवस्था विलोम, शिक्षा विलोम, सत्ता विलोम, आस्था विलोम, श्रद्धा विलोम, विश्वास विलोम, सब विलोम ।

शुक्रवार, 14 जून 2013

शुद्धिकरण


सरकार ने मुनादी पिटवाई कि फलां दिन लोग किसी भी दूसरे आदमी पर एक गोली चला सकेंगे । समाज के शुद्धिकरण के लिये पूरे बारह घंटे की छूट रहेगी । उत्साह और उत्सव पूर्वक यह पवित्र कार्य कीजिये ।
छूट का समय समाप्त होने के बाद लाशे जांची गईं । ज्यादातर को एक या दो गोलियां लगीं थीं । कुछ थे जिन पर चार-पांच गोलयों के निशान मिले । एक लाश ऐसी मिली जिस पर सैकड़ों गोलियों के निशान थे । जो अपने ही खून से भीग कर लाल हो गई थी और लोगों को स्ट्र्बेरी की तरह दिखाई दे रही थी । 
सरकार ने पूछा  ‘‘ ये किसकी लाश  है !?..... कौन था ये पापी ?! ’’
राज पुरोहित शुद्धिकरण शास्त्री ने फुसफुसा कर बताया - ‘‘ हुजूर ये राज्य के व्यंग्यकार की लाश है । ’’ 
सुनते ही सरकार क्रोध से तमतमा गई । फौरन उसने अपनी पिस्तौल निकाली और लाश  पर तीन-चार गोलियां दाग दी । चारों ओर संन्नाटा सा छा गया । स्ट्र्बेरी कुछ ताजे लाल छीटों से और खिल उठी ।
कुछ देर की खामोशी  के बाद एक पागल ने कहा - हुजूर ये न्याय नहीं है , शुद्धिकरण छूट का समय समाप्त हो जाने के बाद आपको इस पर गोली नहीं चलानी चाहिये थी । 
हुजूर मुस्कराते हुए बोले - ‘‘ किसी भी तरह की छूट या समय सीमा जनता के लिये होती है  , सरकार को सिर्फ मौका चाहिये । ’’ 
लोगों ने देखा कि एक गोली पागल को चीरती हुई निकल गई है । 
                                                    --------------------------------------------


मंगलवार, 11 जून 2013

भयंकर ईमानदार !!

         
मूलरूप से वे धरती-पकड़, जमीन-जकड़ हैं और भूमाफ़िया कहने वालों से बकायदा खफ़ा हो जाते हैं । सब जानते हैं कि वे प्रापर्टी के पुराने कीड़े हैं । किसी भी चीज में या प्रापर्टी में एकबार उनके नाम का कीड़ा लग जाए तो वह उनके पक्ष में नष्ट हो जाती है । इनदिनों वे राजनीति में आ गए हैं और राजनीति के भी बाकायदा कीड़े हो गए हैं । 
बहुत से परंपरागत नेता अपने पाले प्रतिभावान गुण्डों को कार्यकर्ता कहते हैं । कुछ प्रगतिशील नेता इन्हें पट्ठे, चेले, साथी, बाहुबली, बांए-हाथ वगैरह भी कहते पाए जाते हैं । लेकिन ‘वे’ अपने कार्यकर्ताओं को पिल्ले कहते हैं, जो वक्त जरूरत ‘छू’ लगाने के काम आते हैं । उनकी देखरेख और दूध पर पले पिल्ले उनके प्रति ‘किसी की भी जानलेवा’ स्तर तक वफादार हैं और विरोधी को फाड़ खाने में सक्षम भी । ‘पिल्ले’ जहां-तहां गुर्राते रहते हैं कि- राजनीति में हमारे नेताजी जैसा ‘भयंकर ईमानदार’ शायद ही कोई दूसरा हो । लोगों को सहमत होना पड़ता है । लोकतंत्र असहमति का अधिकार अवश्य देता है लेकिन सामान्य समझदार भी जानता है कि यहां सहमत होना ही सुरक्षित होना है । धंधे में आजकल ईमानदार मिलते कहां है । पीले का धंधा करने वालों के हाथ भी काले दिखाई दे जाते हैं । फिर वे तो घोषित रूप से राजनीति के कीड़े हैं । वे कहते हैं धंधा कोई भी बुरा नहीं होता, चाहे राजनीति ही क्यों न हो । धंधे में शरम कैसी, लोग जूता फैंके या ताना मारे !! प्रतिभाशाली कीड़े घूरे से भी सोना बना लेते हैं  । कहने को नेता जनसेवक कहलाता है ! लेकिन जो भाग्य लिखा कर लाए हैं वे लोकतंत्र में भी राजा ही होते हैं । पहले भी उनके तहखानों में खजाना होता था , आज भी होता है । पहले प्रजा जयजयकार करती थी आज जनता करती है । पुराने जमाने में पेड-हिस्ट्री लिखवाई जाती थी आज पेड-न्यूज । उंगली उठाने वालों का मस्तकाभिषेक पहले भी किया जाता था आज भी होता है । कुछ नहीं बदला सिवा इसके कि पहले राजा मुस्कराते थे तो ईनाम देते थे , आज मुस्कराते हैं तो बरबाद कर देते हैं ।
                      खैर, आपको इन सब बातों से क्या लेना-देना । आप तो बस इतना भर जानिए कि वे भयंकर ईमानदार हैं । राजनीति के पूरे जंगल में उनकी ईमानदारी का आतंक है । वे ईमानदारी से बत्तीस रुपए रोज भी नहीं कमा पाते हैं इसलिए नियमानुसार गरीबी की रेखा की नीचे होने का दवा है उनका । सरकार गरीबी हटाने की , या यों कह लीजिए कि गरीबी मिटाने की अनेक योजना बनाती आ रही है । वे इन योजनाओं के भी कीड़े हैं । सबकी गरीबी मिटेगी , लेकिन पहले उनकी मिटेगी तब अगलों का नंबर भी आएगा । 
                     आंखों में तैरते लाल डोरे उनके सेवक होने का सबूत है । वे कहते हैं कि सेवाभावना उनके खून में है और खून के आखरी कतरे तक वे देश की सेवा करेंगे, कोई माई का लाल उन्हें सेवा करने से रोक नहीं सकता है । कोई यानी विरोधी वगैरह उन्हें सेवा से रोकने का प्रयास करेगें तो वे अपने पिल्लों के जरिए उसका खून पी जाएंगे लेकिन देश को अपनी सेवा से वंचित नहीं करेंगे । देश को चाहिए कि उनके जैसे त्यागी और समर्पित व्यक्ति को महापुरुष घोषित कर अपना कर्तव्य पूरा करे । वरना वे ईमानदार हैं और सेवाभावी भी । किसी दिन  राष्ट्र्पति भवन में घुस गए तो ‘भारत रत्न’ उठा लाएंगे और फिर लौटाएंगे नहीं । बोलो जै हिन्न !
                                                        ----

रविवार, 9 जून 2013

पार्षद-पति !

पार्षद का चुनाव तो सोमती देवी ने जीता था लेकिन लोगों के सामने उनके पति मुंहजोरसिंह रौनक अफरोज़ होते आ रहे हैं । इधर रिवाज है कि औरत अगर बुलंद नसीब हो तो उसके हाथ की लकीरें नोच कर अपनी मुट्ठी में भर लो । लेकिन सोमती देवी की बात जुदा है । वे खानदानी और हुकुमत मिजाज हैं, इसीलिए चुनाव लड़ा, खूब खर्च किया और जीत भी गईं । उनके पास रसोई चलाने के लिए खानसामा, कार चलाने के लिए ड्रायवर और पार्षदी चलाने के लिए पति है । वे खानसामा एक बार और ड्रायवर तीन बार बदल चुकी हैं, इसी डर से खानसामा और पति अदबोआदाब के साथ काम करते हैं । मुंहजोरसिंह को इस माहौल की आदत है । एक जमाना था जब वे सोमती देवी के पिता के घर में विदेशी लिक्विड सोप से उनकी कारें धोया करते थे । आप भी जानते हैं कि काम कोई भी छोटा या बड़ा नहीं होता है, बस आदमी को दिल लगा के’ , काम करना चाहिए । मुंहजोरसिंह के भाग्य में सोमती देवी थीं सो मिलीं, किन्तु उन्हें अपनी हैसियत मालूम है । सोमती देवी को वे आज भी मैडमकहते हैं क्योंकि उन्हें मैडमसुनने की आदत है ।
सभ्य समाज में पतियों के कई प्रकार पाए जाते हैं । लेकिन जब से लोकतंत्र मजबूत हुआ है और महिलाओं को भी चुनाव लड़वाया जाने लगा है पतियों की एक प्रजाति और पैदा हो गई है - पार्षद-पति । एक आम-पति निजी संपत्ति की तरह होता है यानी प्रायवेट प्रापर्टी, पार्टी कहीं भी धोए, सुखाए, बिछाए, नो ओब्जेक्शन । पार्षद-पति नगर निगम की संपत्ती होता है, यानी पब्लिक प्रापर्टी । नगर निगम अपने कर्मचारियों को वेतन देता है लेकिन पार्षद-पति ! बिन फेरे हम तेरे ।
हुकूमत भ्रष्टाचार की तरह एक सिस्टम का है । पता नहीं पड़ता कि यह उपर से नीचे जाता है या नीचे से उप्पर । इसलिए हर पार्षद-पति अपने को क्षेत्र का लगभग प्रधानमंत्री समझता है । ऐसा करना गैरकानूनी या अनैतिक नहीं है । इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और उसे लगता है कि वह मामूली नहीं राष्ट्रीय स्तर की किसी पोस्ट पर है । लेकिन लोकतंत्र में ओवर कान्फिडेन्स से दिक्कतें भी होती हैं । एक बार लाल पट्टी पर पार्षदलिखी कार में मुंहजोरसिंह सार्वजनिक शौचालय का विधिवत उद्घाटन करने पहुंचे । आदमियों के हौसले तो बुलंद थे पर औरतों ने विरोध किया कि - हमारी पार्षद मैडमहैं, हमको वोईहोना । वोई बोले तो एकदम वोई
मुंहजोरसिंह ने समझाया कि - ‘‘ मैं पार्षद-पति हूं । आप लोग यह मान कर चलिए कि मैडम ही आपके सामने हैं और वही उद्घाटन कर रही हैं ।
‘‘ ऐसा है तो साड़ी-पेटीकोट पहन कर आओ । हमने औरत को पहचान और सम्मान दिलाने के लिए ही उनको वोट दिया है । ’’ औरतें नहीं मानी और उन्होंने नारीशक्ति  जिन्दाबादके नारे भी लगा दिए ।
‘‘ अरे भैनजियों , मान जाओ, मेरी कुर्सी छिनवाओगी क्या आप लोग !? ’’
‘‘ मान तो जाएं , लेकिन अपनी नेता के लिए हम चूड़ी, बिन्दी, बिछिया और मंगलसूत्र लाए हैं , वो किसे पहनाएं ? ’’
‘‘ मुझे पहना देना माता-भैनों , इतनी जिम्मेदारी तो बनती है मेरी । ’’ मुंहजोरसिंह ने वैसे ही कहा जैसे टीवी पर अक्सर सुना जाता है ।


                                                                         ----

लोकसेवकों की पोर्नाहुति !


संस्कारवान लोकसेवक घर में पोर्न नहीं देखते हैं । जनता ने उन्हें इस काम के लिए बाकायदा चुन कर सदन में भेजा है और वे जनदेश का सम्मान करते हैं । पोर्न से उन्हें आध्यात्म का अनुभव और ज्ञान प्राप्त होता है । पोर्न पारायण एक प्रकार की भक्ति है जिसमें आस्थावान कभी भी साधना में लीन हो सकता है । देश जड़ों तक आजाद है, जिस किसी सेवक को पोर्न की तलब लगे वो फौरन अपना आईपाड निकाल कर अपनी ज्ञान पिपासा को अधिकारपूर्वक शांत कर सकता है । देखने में कोई हर्ज नहीं है, क्योंकि किसी डाक्टर ने नहीं कहा है कि देखने से आँखों का केन्सर वगैरह होता है । सदन में बहस हो रही हो , कोई बिल-विल पास हो रहा हो , किसी मुद्दे पर मतभेद हो उस समय पोर्न शान्ति बनाए रखने में बहुत सहायक होता है । हमारे सदन मच्छी बजार के नाम से दुनिया में बदनाम हैं । उनकी प्रतिष्ठा कायम करना लोकसेवकों की प्राथमिक जिम्मेदारी बनती है । कहने वाले कहते हैं कि हमारे सदनों में अपराधी प्रवृत्ति के लोग चुन कर घुस आए हैं । कइयों पर तो हत्या तक के आरोप हैं । सदन में चाकू-छूरे  या पिस्तौलें निकलें यह अच्छी बात नहीं है । सदन एक तरह से माननीय सभासदों की यज्ञशाला है । यहां आईपाड के अलावा और कुछ भी निकालना शोभा नहीं देता है ।
कुछ लोग पोर्न देखने की निंदा की, विशेषकर अपने को शरीफ सिद्ध करने वालों ने । इस पर जनमत कराने की आवश्कता है कि देश को घोटाले करने वालों से नुकसान हो रहा है या पोर्न देखने वाले नेताओं से ? मूर्ख से मूर्ख बुद्धिजीवी भी कहेगा कि पोर्नाहुती में व्यस्त नेता देश के लिए बेहतर है । सुना ही होगा कि यदि किसी का भला होता हो तो दाग बेहतर हैं । नेता अगर मेहरबानी करके अपनी सक्रियता कुछ समय के लिए बंद कर दें तो देश जनता के मजबूत कंधों के भरोसे भी तरक्की कर सकता है । लेकिन विरोधी दल वाले बहुत चालाक हैं , सदन में हल्ला मचाते हैं और खुद घर में पोर्न का पारायण करते हैं । इससे देश , सदन और घर का माहौल खराब होता है । लेकिन हमारी पार्टी तीनों की गरिमा का घ्यान रखती है । हमारे लोकसेवक संस्कृति के प्रति बहुत निष्ठावान हैं । घर में डांटना, फटकारना और हल्ला मचाना हजारों वर्ष पुरानी पुरुष प्रधान संस्कृति की रक्षा करना भी है । पार्टी के पोर्न-पुरुष वास्तव में हमारे समाज के नर-रत्न हैं । सरकार को चाहिए कि वह जल्द से जल्द पोर्नपाल-बिललाए और भारी बहुमत से इसे पास कर इतिहास रचे । एक बार सदन में पोर्नपाठ लीगल हो जाएगा तो उपस्थिति भी बढ़ जाएगी और शांति भी । विरोधियों को अल्ल-फल्ल बकने का मौका नहीं मिलेगा वहीं दुनिया के तमाम देशों को जहां लोकतंत्र नहीं है वहां लोकतंत्र की मांग जोर पकड़ेगी । आशा है पाठक सहमत होंगे । पोरनाम .....  ।

                                                                     -----

शनिवार, 8 जून 2013

थप्पड़ मंत्री ....

                           
    सरकार एक नया मंत्री बनाने जा रही है -- थप्पड़ मंत्री । केबीनेट मंत्री के रूप में यह सरकार का सबसे महत्वपूर्ण मंत्री तो होगा ही जनता के लिए भी आकर्षण का केन्द्र बनेगा । मंत्री जनता की सेवा के लिए होते हैं . लेकिन थप्पड़-मंत्री की सेवा जनता कर सकेगी । हाल के दिनों में पता चला है कि मंहगाई जैसी तमाम बातों से लोग बहुत गुस्से में आ जाते हैं । मन तब तक सामान्य स्थिति में नहीं आता है जब तक कि जिम्मेदार आदमी को दो-चार थप्पड़ न मार लिए जाएं । इसको लोकसंस्कृति में छाती ठंडी करना कहते हैं । सरकार जनता की भावना का सम्मान करती है । दिक्कत ये है कि सरकार के पास जादू की छड़ी नहीं है जिससे मंहगाई कम कर सके । लेकिन जनता का गुस्सा कम करना उसका फर्ज है । अगर दो-चार थप्पड़ से मंहगाई की पीड़ा कम हो सकती है तो सरकार जनता के साथ है । जनता ने बहुत विलंब से बताया कि वो क्या चाहती है । लेकिन सरकार को बहुत से काम होते हैं । सिक्यूरिटी वगैरह भी होती है, जिन्हें वोट का महत्व नहीं मालूम होता है । डायरेक्ट थप्पड़ मारने में जनता को जोखिम हो सकता है । यों देखा जाए तो जनता गाली भी दे सकती है , देती ही है । लेकिन गाली सरकार बरदाश्त  नहीं करेगी । सरकार के किसी काम में मां-भैन को शामिल करना अच्छी बात नहीं है जी । इससे तो थप्पड़ खा लेना परवरता है । सरकार को आए दिन ऐसे काम करना पड़ते हैं जिससे जनता का मुंह तमतमा जाता है । हर महीने पेट्रोल  के दाम बढ़ाना आगे भी जारी रहेगा ही । इसलिए सरकार अब बाकायदा थप्पड़ खाने के लिए तैयार है । अगले सत्र में थप्पड़ को लीगल करने के लिए ‘लो गाल विधेयक’ पास किया जाएगा । इससे एक सिस्टम बनेगा , जनता खुश  होगी और अगले चुनाव में सरकार के गाल मजबूत करेगी ।
बहरहाल, जैसे ही मंहगाई बढ़ेगी , यानी विशेषज्ञ बताएंगे कि मूल्य सूचकांक में वृद्धि हुई है तो फौरन सरकार थप्पड़-मंत्रीजी को जनता के बीच भेजेगी । प्रेस और मीडिया के तमाम लोगों को बाकायदे सूचना दी जाएगी । थप्पड़-मंत्रीजी सरकार की ओर से सम्मानपूर्वक थप्पड़ खाएंगे, किसी को जूता वगैरह फेंकना हो तो उसके लिए भी अंतिम पांच मिनिट में अवसर मिलेगा । वे राज्य सरकारें जो मंहगाई का कारण केन्द्र को बनाती हैं उन्हें भी मौका दिया जाएगा । मंहगाई बढ़ते ही थप्पड़-मंत्री दौरे पर निकल जाएंगे । शुरुवात दिल्ली से ही होगी, दिल्ली वाले भटूरा खाते हैं और उसकी हवा निकालने के लिए उस पर थप्पड़ जैसा मारते हैं । थप्पड़-मंत्री भी भटूरे की तरह होंगे । यानी थप्पड़ खाते ही उनके भटूरे जैसे गालों से हवा ‘फुस्स’ करती निकल जाएगी । जब भी ‘फुस्स’ करती हवा निकलती है, दिल्ली वाले खुश  हो जाते हैं । दिल्ली वाले खुश  रहते हैं तो सरकार को लगता है कि पूरा देश  खुश  है । इसका कारण यह है कि सरकार सोती और उठती दिल्ली में है, बाकी सारा देश टीवी और अखबारों से देखती है । खैर, दिल्ली के बाद थप्पड़-मंत्री सबसे पहले महाराष्ट्र् जाएंगे और धैर्य पूर्वक जनता का गुस्सा शांत  करेंगे । उसके बाद वे अन्य राज्यों में डिमांड के अनुसार उपलब्ध होंगे । फुलटाइम उनका एक ही काम होगा । उम्मीद है कि अब जनता को मंहगाई से कोई परेशानी नहीं होगी । सरकार आपकी सेवा में है ।

                                                              ----

बुधवार, 5 जून 2013

साहित्यिक खाप की एक शाम


        तय समय से पहले ही साहित्यिक-खाप के सारे पंच बार में पहुँच गए। संकेत मिलते ही बैरे ने 'चिंतन-पेय' परोसा और पंचों में एकता और संगठन की एक भावुक लहर-सी दौड़ गई। सबने एक-दूसरे से शीशे के भरे पात्र टकराकर 'विचार' कहा और पहला घूँट भरा।

'
तो बताएँ... मुद्दे क्या हैं?' पापड़ तोड़ते हुए वरिष्ठ सरपंच ने पूछा।

'
पहला तो यही कि कविता का 'भीम-पुरस्कार' इस बार चंद्रप्रकाश 'चंद्र' को देने की घोषणा हुई है जिसका हमें विरोध करना है।' पूर्वी खाप के पंच ने बताया।

'
बिलकुल... विरोध तो करना ही है। चंद्रप्रकाश 'चंद्र' हमारे गोत्र का नहीं है। ...और साहित्यिक पुरस्कार हमेशा सगोत्रों को ही दिया जाता है। ...यही परंपरा है...। और परंपराओं से ही खाप का अस्तित्व है। हमें हर हाल में खाप की रक्षा करना है', बुजुर्ग पंच ने समर्थन किया। 

'
भीम-पुरस्कार की निर्णायक समिति में कौन लोग थे? उन्होंने गोत्र का ध्यान क्यों नहीं रखा?' युवा पंच ने अनुभवहीनता के कारण प्रश्न किया। 

'
भीम पुरस्कार सरकारी है। वहाँ हमारे गोत्र के निर्णायक हमेशा नहीं होते हैं। सरकार अपने संविधान के हिसाब से चलती है।'
दूसरा लेखक पीते-खाते उसे आकार देता है और एक मुकाम पर पहुँचा देता है। यह सामग्री किसी तीसरे के पास जाती है, किन्हीं कारणों के चलते वह उसका संस्कार-परिष्कार कर उसे एक कृति में बदल देता है। साधकजी इसे अपनी रचना-प्रक्रिया कहते हैं, जो महँगी जरूर है पर बराबर फायदा करती है। बहरहाल, जब सारे लोग उनकी ओर देखने लगे तो उन्हें अपना मुँह खोलना पड़ा, 'देखिए, हमारी 'खाप-स्मृति' एक बड़ी पुस्तिका है। यदि अभी उसकी चर्चा लेकर बैठ गए तो चंद्रप्रकाश 'चंद्र' का मुद्दा रह जाएगा।'संविधान के हिसाब से नहीं, चाटुकारों के हिसाब से चलती है। ...हमें सरकार पर पूरी ताकत से दबाव बनाना पड़ेगा। ...खाप के होते कोई भी पुरस्कार गोत्र के बाहर नहीं जाना चाहिए।' चिंतन पेय के सुरुर में आते ही सरपंचजी की आवाज में वजन पड़ने लगा। अब तक चुप बैठे बड़े मानसिंह ने बहुत सोचते हुए अपनी राय व्यक्त की, 'भई... म्हारी राय तो या हे कि सरकार को मनाना कोई आस्साण काम नीं है। खाप की इज्जत बचाणे के वास्ते अगर हम चंदर परकाश को गोत्र में शामिल कर लें तो? ...साँप भी मर जावेगा और लाट्ठी भी ना टूट्टेगी।

'
देखिए... ये साहित्यिक-खाप है... और ये स्पष्ट हो जाना चाहिए कि हम यहाँ कोई समझौते या अच्छे काम के लिए जमा नहीं हुए हैं। ...जैसी कि हमारी आदर्श परंपरा रही है, हमें इस विवाद को ऊँचा उठाकर सही दिशा में आगे बढ़ाना है। ...

जहाँ तक चंद्रप्रकाश 'चंद्र' का सवाल है, उसे गोत्र में कैसे लिया जा सकता है! वो कवि नहीं तुक्कड़ है। उसकी कविताएँ ऐरे-गैरे तक समझ लेते हैं! उसकी रचनाओं में हमारी विचारधारा नहीं होती है। ऐसे में उसे सगोत्र बनाने पर विचार नहीं किया जा सकता है।

एक सन्नाटा-सा छा जाता है और वातावरण में केवल पापड़ टूटने की आवाजें रह जाती हैं। अधिकांश को याद नहीं आ रहा है कि खाप की विचारधारा क्या है। सुना है शुरुआत में विचारधारा को लेकर बड़ी उटापटक हुई थी। एक पुस्तिका बनी थी 'खाप-स्मृति' नाम की जिसे बाकायदा पढ़वाया जाता था और सहमत होने पर ही किसी को सदस्यता दी जाती थी। बाद में चलन बदला, पुराने सदस्यों की अनुशंसा पर नए सदस्य बनाए जाने लगे ताकि जरूरत पड़ने पर उनके वोट मिल सकें। धीरे-धीरे सदस्यता का यही तरीका रह गया और ' खाप-स्मृति' कहाँ पड़ी सड़ गई, किसी को पता नहीं।

'
वैसे एक बार हम लोगों को विचारधारा के बारे में ठीक से बता-समझा दिया जाता तो बेहतर होता', तरल-गरलजी ने कहा। 

एकसाथ कई आवाजें समर्थन में आईं और सबने विचारधारा के मुद्दे पर प्रकाश डालने के लिए खाप-रत्न सुखानंद 'साधकजी' से आग्रह किया। साधकजी महान साहित्यकार हैं। उन्होंने बहुत कम लिखा है किंतु पुरस्कार अधिक प्राप्त किए हैं, इसलिए लोग उन्हें कलाकार की श्रेणी में भी रखते हैं। 

उनका मानना है कि लेखक को कलम की साधना में ज्यादा समय बरबाद करने की अपेक्षा गोत्र और परंपरा के प्रति समर्पित होना चाहिए। लेखन तो निमित्त मात्र होता है, जो पैसा खर्च कर दूसरों से भी करवाया जा सकता है। लेकिन पुरस्कार घर की दीवार पर लटकने वाला सिंह-शीश होता है, जो लेखक को बड़ा शिकारी होने का-सा गौरव और आनंद प्रदान करता है। अगली पीढ़ी भले ही लिखे को लेखक के साथ फूँक दे, पर पुरस्कार समेटकर ले जाएगी। पुरस्कार इतिहास बनाते हैं और लेखन से चिता तैयार होती है। इसलिए साधकजी केवल सेंट्रल आइडिया यानी केंद्रीय विचार देते हैं। 

ठीक है... पहले इसी मुद्दे को ले लें, खाप-स्मृति सब लोग कहीं ढूँढ-ढाँढकर पढ़ लेंगे।

'
मेरा ख्याल है कि चंद्रप्रकाश 'चंद्र' के मामले में हम गोत्र और परंपरा के आधार पर विरोध नहीं कर सकते हैं। हमें कोई दूसरा रास्ता निकालना होगा', बुजुर्ग पंच बोले।

'
दूसरा रास्ता क्या हो सकता है?' 

'
हमें यह बोलना होगा कि चंद्रप्रकाश की रचनाएँ घटिया, अश्लील और पुरस्कार के योग्य नहीं हैं। यही एकमात्र रास्ता है।

'
ठीक है... किसी ने पढ़ा है चंद्रप्रकाश को?' 

'
एक-दो कविताएँ पढ़ी हैं यहाँ-वहाँ।

'
मैं तो नाम देखकर ही हटा देता हूँ सामने से। ...जो गोत्र का नहीं उस पर समय नष्ट करने में क्या लाभ?' 

'
मेरा ख्याल है कि निर्णायकों ने भी नहीं पढ़ा होगा।

'
बिलकुल अनुभवहीन हो... निर्णय करने के लिए निर्णय की जरूरत होती है... पढ़ने की नहीं।

'
तो क्या हमें पढ़ना पड़ेगा?' 

'
अब कहाँ पढ़ेंगे... चलिए, हम एकता और संगठन के बल पर विरोध करेंगे।' इसके साथ ही बैरे को भोजन लगाने का संकेत हुआ और टेबल पर वे मुर्ग अपने सब कुछ के साथ लाए गए जिसे सुबह तक बचाए रखने के लिए वे प्रार्थना कर रहे थे। 

'
वाह... बढ़िया है... क्या नाम है इसका?' सरपंच ने पूछा।

'
जी चिकन... चिकन...' बैरे ने जवाब दिया।

कुछ नाम नहीं है! जैसे चिकन जोश, चिकन मदहोश ...

'
नहीं सर... ये तो अभी ऐसे ही चल रहा है ..। 

'
ऐसे-कैसे? .... चलिए हम रखते हैं इसका नाम.... इसका नाम बताया करो 'चिकन चन्द्रप्रकाश 'चन्द्र'...। खाप ठठाकर हँस पड़ी..। किसी के हाथ में टाँग थी, किसी के मुँह में गर्दन। अचानक चिकन में एक नया स्वाद आने लगा था !


              ---------

‘एल.ओ.सी’ की चिंता में मैडम दुशाला दास


          
आज का फैशन सफलता की ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए कमर की अंतिम नीचाइयों पर चमत्कारिक रूप से टिका हुआ है । कट-रीनाओं से लेकर मल्ल-लिकाओं तक की कमर के अंतिम छोर पर एक रेखा होती है जिसे सिनेमाई शहर में ‘एलओसीकहा जाता है । जैसे गरीबी की रेखा होती है लेकिन दिखाई नहीं देती वैसे ही फैशन की भी रेखा होती है जो कितनी भी आंखें फाड़ लो, दिखाई नहीं देती है । एलओसी एक आभासी रेखा होती है सुधिजन जिसकी कल्पना करते पाए जाते हैं । मैडम दुशाला दास का टेंशन इसी एलओसी से शुरू होता है । 
            दुशाला जी को चिंता तो तभी होने लगी थी जब सुंदरियां मात्र डेढ़ मीटर कपड़े का ब्लाउज पहनने लगीं थीं और आसार अच्छे नहीं थे । लेकिन अब डेढ़ मीटर कपड़े में दस ब्लाउज बन रहे हैं तो वे टीवी खोलते ही तमतमाने लगती हैं । उस पर दास बाबू का दीदे फाड़ कर टीवी टूंगना उनकी बरदाश्त  के बाहर हो जाता है । पता नहीं फैशन करतीं हैं या जादू !! मुए मर्द हय-हय, अश-अश करते बस बेहोश ही नहीं हो रहे हैं । जी चहता है कि बेवफाओं को दीवार में जिंदा चुनवा कर अनारकली की वफा का हिसाब बराबर कर लें नामुरादों से । लेकिन मजबूरी ये कि बस नहीं चलता किसी पर ।
पिछले दिनों कट-रीनाओं ने असंभव होने के बावजूद जब एलओसी को नीचे की ओर जरा विस्तार दे दिया तो मैडम दुशाला को मेडिकल चेकअप के लिए ले जाना पड़ा । डाक्टर ने आदतन सवाल किया कि ‘‘आपको किस बात का टेंशन है ?’’ जवाब में उनके टेंशन का लावा बह निकला - ‘‘ हवा-पानी के असर से कभी कभी पहाड़ भी भरभरा कर गिर जाते हैं । किसी दिन लगातार जीरो साइज होती जा रही कमर घोखा दे गई तो टीवी वाले हप्तों तक, बल्कि तब तक दिखाते रहेंगे तब तक कि देश की पूरी एक सौ इक्कीस करोड़ जनसंख्या की दो सौ बयालीस करोड़ आंखें तृप्त नहीं हो जातीं । हमारी सरकार किसी एलओसीकी रक्षा नहीं कर पा रही है !! क्या होगा देश का ?’’
पंद्रह दिनों के बेडरेस्ट और टीवी न देखने की हिदायत के साथ वे लौटीं ।
               हप्ता भी नहीं गुजरा था कि एक दिन दास बाबू रात दो बजे फैशन-टीवी का पारायण करते हुए बरामद हुए । वहां भरभरा कर गिरने के लिए कुछ था ही नहीं । एलओसीमात्र एक रक्षा-चैकी में बदल गई थी । खुद दास बाबू इतने विभारे थे कि जान ही नहीं पाए कि मैडम दुशाला ने दबिश डाल कर उन्हें गिरी हुई अवस्था में जब्त कर लिया है । सुबह तक दुशालाजी की पाठशाला चली किन्तु वे इस प्रश्न का उत्तर नहीं पा सकीं कि दास बाबू उसमें देख क्या रहे थे और इससे उन्हें क्या मिल रहा था !!
           दरअसल दास बाबू को टीवी में जो दिख रहा था उससे ज्यादा उत्सुक हो कर वे संभावनादेख रहे थे । संभावना हमेशा  बड़ी ही होती है । चैनल भी बार बार ब्रेक से अपना बैंक बैलेंस ठीक करते हुए टीआरपी को कैश कर रहा था और कमिंग-अपकी पट्टी लगा कर संभावनाएं बनाए हुए था । हर ब्रेक के बाद संभावनाबढ़ रही थी और दास बाबू को दास बनाती जा रही थी । वे सारांश पर आए कि संभावना से आदमी को ऊर्जा मिलती है ।
            दुशालाजी दुःखी इस बात से हैं कि टीवी वाले पत्रकार इतना खोद-खोद कर पूछते हैं कि जवाब देने वाला लगातार गड्ढ़े में घंसता चला जाता है, लेकिन इन देवियों से नहीं पूछते कि कमर को पासपोर्ट की तरह इस्तेमाल करना आखिर कब बंद करेंगी ?! संयोगवश एक दिन उनकी यह तमन्ना पूरी हो गई । टीवी के बहस और चिंताकार्यक्रम में वे सवाल पूछ रहीं थीं कि आपको डर नहीं लगता अगर कहीं सारा फैशन भरभरा कर गिर पड़े तो ?
         उपस्थित कट-रीनाओं में से एक ने जवाब दिया - ‘‘ काश ...! .... हालांकि गिरने की संभावना फैशन का सबसे बड़ा कारण है , लेकिन अब तक गिरा तो नहीं । ’’
         ‘‘ लेकिन डर तो बना रहता है, ऐसा फैशन आखिर किस लिए !!? ’’ वे बोलीं ।
           ‘‘ जिसे आप डर कह रही है दरअसल वो संभावना है । फैशन का काम ही संभावना पैदा करना है । दुशाला-दासहोने में आज की दुनिया कोई संभावना नहीं देखती है । और जिसमें संभावनानहीं होती वो भगवान के भरोसे होता है । ’’
        दुशालाजी को जैसे डाक्टर से जवाब मिल गया । आगे का समय वे ईश्वर की इच्छा पर निकालेंगी । एक नए टेंशन के साथ वे लौट रही हैं ।


                                                --------